10.2 मिलीमीटर हुई बारिश, कल भी बूंदाबांदी के आसार

  1. Home
  2. उत्तर प्रदेश
  3. मुरादाबाद

10.2 मिलीमीटर हुई बारिश, कल भी बूंदाबांदी के आसार

10.2 मिलीमीटर हुई बारिश, कल भी बूंदाबांदी के आसार


मुरादाबाद। फरवरी की शुरुआत में ही मौसम का मिजाज बिगड़ रहा है। गुरुवार को झमाझम बारिश हुई। पाकबड़ा और ठाकुरद्वारा क्षेत्र में कहीं-कहीं ओले भी पड़े। मौसम विभाग ने 10.2 मिली मीटर बारिश दर्ज की है। मौसम वैज्ञानिकों ने शुक्रवार को बूंदाबांदी होने के आसार व्यक्त किए हैं।

पंत नगर विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. आरके सिंह का कहना है कि शुक्रवार को पांच मिलीमीटर बारिश का अनुुमान है। कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है। कुछ क्षेत्रों में सिर्फ बादल ही छाए रह सकते हैं। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को दिन में धूप खिली तो शाम से कोहरा भी छा सकता है। शीतलहर चलने से गलन और ठिठुरन परेशान करेगी। डॉ. आरके सिंह का कहना है कि विभाग के पूर्वानुमान के अनुरूप प्रत्येक तीसरे और चौथे दिन पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। हर सप्ताह हो रही बारिश की वजह से वातावरण में नमी बहुत अधिक हो गई है। पहाड़ों पर जमकर बर्फबारी हो रही है। इसकी वजह से आने वाले दिनों में मैदानी क्षेत्रों में शीतलहर भी चलेगी।

बुधवार शाम से ही मौसम बिगड़ने लगा था। बादल छाने से सर्दी का असर बढ़ गया था। गुरुवार सुबह आसमान में बिजली चमकने के साथ बादल भी खूब गरजे। इसके बाद कभी तेज तो कभी रिमझिम बारिश हुई। दोपहर बाद तक ऐसा ही मौसम रहने से शहरवासी बेहाल हो गए। तेज हवा ने भी राहगीरों को खूब परेशान किया। दोपहिया वाहन चालकों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। गुरुवार को बारिश के कारण अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया।
पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में 5.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जबकि न्यूनतम तापमान में .4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई। अधिकतम 13.2 और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह के समय वातावरण में नमी सुबह में सौ फीसदी थी जो शाम को 79 फीसदी दर्ज की गई। गुरुवार को हवा की गति 20 किलोमीटर प्रति घंटा पूरब से पश्चिम दिशा रही।

दोस्तों देश दुनिया की और खबरों को तेजी से जानने के लिए बनें रहें पब्लिक न्यूज़ टी वी के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलों करने के लिए @PublicNewsTV और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @PublicNewsTV पर क्लिक करें।