योगी आदित्यनाथ के ‘हमशक्ल’ की मौत, अखिलेश बोले- पीट-पीटकर की गयी हत्या

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हमशक्ल सुरेश कुमार की शुक्रवार को मौत
पब्लिक न्यूज़ डेस्क। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हमशक्ल सुरेश कुमार की शुक्रवार को मौत हो गई। वे समाजवादी पार्टी के प्रमुख प्रचारकों में से एक थे। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सुरेश कुमार की फोटो को शेयर करते हुए उनकी मौत को हत्या करार दिया है। सुरेश उन्नाव जिले के रहने वाले थे। सपा की रैलियों में अक्सर सुरेश दिखते थे।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी के प्रचारक के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करने वाले सुरेश ठाकुर की निर्मम हत्या बेहद हृदय विदारक घटना है। मैं सरकार से अपील करता हूं कि दोषियों के खिलाफ शीघ्र उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्नाव के रहने वाले थे सुरेश कुमार
सुरेश कुमार योद्धा उन्नाव के सोहरामऊ थाना क्षेत्र के चौपाई गांव के रहने वाले थे। उनकी पत्नी ने खुलासा किया कि पिछले महीने 28 जुलाई को सुरेश को उसके दो भाइयों ने बेरहमी से पीटा था। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिससे उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। इलाज के बावजूद उनकी हालत बिगड़ती गई, जिससे अस्पताल में उनका निधन हो गया।
उनके निधन के बाद, पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए सुरेश कुमार के शव को कब्जे में ले लिया। जैसे ही उनके निधन की खबर फैली, बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता और नेता शोक व्यक्त करने और उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए अस्पताल पहुंचे।