प्रयागराज MNNIT के दो छात्र गंगा में डूबे, बीटेक कर रहे थे, नहाते समय फिसले थे पैर

  1. Home
  2. उत्तर प्रदेश
  3. प्रयागराज

प्रयागराज MNNIT के दो छात्र गंगा में डूबे, बीटेक कर रहे थे, नहाते समय फिसले थे पैर

प्रयागराज MNNIT के दो छात्र गंगा में डूबे,  बीटेक कर रहे थे, नहाते समय फिसले थे पैर

प्रयागराज में मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान में पढ़ाई


पब्लिक न्यूज़ डेस्क। प्रयागराज में मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान में पढ़ाई कर रहे 2 छात्र दीपेंद्र सिंह और विकास मौर्य गंगा नदी में नहाते समय डूब गए। दोनों बीटेक सेकेंड ईयर के छात्र थे। सुबह दोनों दोस्तों के साथ प्रयागराज के शिवकुटी इलाके में स्थित कोटेश्वर महादेव मंदिर के पास गंगा में नहाने उतरे थे। अचानक नहाते समय पैर फिसल गया और दोनों छात्र गहरे पानी में समा गए।

गोताखोर की मदद से दोनों छात्रों की तलाश जारी

दोस्तों ने हादसे की जानकारी शिवकुटी पुलिस को दी। गोताखोरों की मदद से दोनों की तलाश की जा रही है। हालांकि, अभी तक दोनों का पता नहीं चल पाया है। MNNIT प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए हैं। दीपेंद्र सिंह राजस्थान के अलवर का और विकास मौर्य मऊ का रहने वाला था। दोनों MNNIT के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहे थे। उनके परिवार को हादसे की जानकारी दी गई है। उनके परिवार प्रयागराज आएंगे।

अब आपको पूरा घटनाक्रम समझाते हैं...

MNNIT में पढ़ने वाले 5 छात्र गंगा घाट पर नहाने पहुंचे थे। सुबह करीब 6 बजे भूपेंद्र, वरुण और यश एक साथ नहाने नदी में उतरे। कुछ देर में वो पानी से बाहर आ गए। इसके बाद विकास मौर्य और दीपेंद्र पानी में नहाने चले गए।

भूपेंद्र और वरुण के मुताबिक, विकास और दीपेंद्र हाथ हिलाते हुए धीरे-धीरे गहरे पानी की तरफ जाने लगे। हम लोग किनारे से चिल्ला रहे थे कि वापस आ जाओ, लेकिन वो नहीं माने। फिर हमारा एक दोस्त डूबने लगा। उसको बचाने के प्रयास में दोनों ही डूब गए।

दो घंटे दहशत में किनारे पर बैठे रहे

भूपेंद्र ने बताया, ''हम लोग दहशत में आ गए। करीब 8 बजे तक हम नदी किनारे बैठे रहे। उम्मीद थी कि वो लोग किसी टापू पर पहुंच गए होंगे। इसके बाद कुछ लोग हमारे पास आए पूछने लगे। तब हमने संस्थान में फोन करके हादसे के बारे में बताया। वरुण मैकेनिकल साइंस का छात्र है, जबकि भूपेंद्र और यश कंप्यूटर साइंस सेकेंड ईयर के छात्र हैं।

अब डूबे दोनों छात्रों का परिचय भी समझिए...

विकास मौर्य, डिपार्टमेंट ऑफ कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग में सेकेंड ईयर का छात्र था। उसका एडमिशन 2021 में हुआ था। वह भिखारीपुर भोपौरी, मऊ आजमगढ़ का रहने वाला था।

दीपेंद्र सिंह भी डिपार्टमेंट ऑफ कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग में सेकेंड ईयर का छात्र था। 2021 में ही एडमिशन लिया था। वह ब्रह्म कॉलोनी जय पलटन गेट अलवर राजस्थान का रहने वाला था।