पीलीभीत में दबे पांव टाइगर ने गायों के झुंड पर मारा झपट्टा, एक को खींच ले गया...पर्यटक सहम गए

पीलीभीत टाइगर रिजर्व में टाइगर के शिकार का एक वीडियो सामने आया है।
पब्लिक न्यूज़ डेस्क। पीलीभीत टाइगर रिजर्व में टाइगर के शिकार का एक वीडियो सामने आया है। इसमें दिख रहा है कि टाइगर जंगल से दबे पांव निकलता है। एकाएक गायों के झुंड पर हमला कर देता है। करीब 100 मीटर दौड़ाने के बाद एक गाय को खींच ले जाता है। पूरा वीडियो 22 सेकंड का है। महज 5 सेकेंड में टाइगर गाय को दबोचकर जंगल में खींच ले जाता है।
कुछ दूर पर्यटकों की गाड़ी भी नजर आ रही है। बुधवार को पर्यटकों ने ही इसका वीडियो बनाया, जो गुरुवार सुबह सामने आया है। टाइगर का शिकार करता देख कुछ समय के लिए पर्यटक सहम जाते हैं। हालांकि, टाइगर गाय को पलक झपकते ही जंगल में खींचकर ले गया।
पीलीभीत टाइगर रिजर्व के डिप्टी डायरेक्टर नवीन खंडेलवाल ने बताया कि टाइगर के शिकार का वीडियो पक्की पटरी इलाके का है। यह रिजर्व का हिस्सा है। यहां पर्यटक भी बड़ी संख्या में जाते हैं। फिलहाल, इलाके में टाइगर की मौजूदगी को देखते हुए पेट्रोलिंग के निर्देश दिए हैं।
पीलीभीत रिजर्व में 60 से अधिक टाइगर
2014 में पीलीभीत टाइगर रिजर्व को टाइगर रिजर्व का दर्जा दिया गया था। 2018 में रिजर्व में टाइगर की संख्या 65 थी। वन्य जीव विशेषज्ञों के मुताबिक, पीलीभीत रिजर्व में पर्याप्त पानी और भोजन की व्यवस्था होने के कारण टाइगर की संख्या में अच्छी ग्रोथ हुई है।
पीलीभीत को मिल चुका अंतरराष्ट्रीय अवार्ड
पीलीभीत रिजर्व को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अवार्ड भी मिला है। यहां भालू, बारहसिंगा का कुनबा भी लगातार बढ़ रहा है। शुरुआत में पीलीभीत से सटे इलाकों में मानव वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं सामने आई थी। लेकिन बाद में जंगल के किनारे फूलों की खेती को बढ़ावा दिया। माना जाता है कि फूलों की महक से टाइगर जंगल के बाहर नहीं निकलता है।
अमरोहा से तेंदुए को लाठी-डंडों से पीटने का एक वीडियो सामने आया है। जिसमें सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण 3 तेंदुए को घेरकर पीटते हैं। इस दौरान 2 तेंदुआ बचकर भाग निकलते हैं। जबकि एक उनके बीच फंस गया। लोगों की पिटाई से तेंदुआ बुरी तरह जख्मी हो गया। इसके बाद वन विभाग की टीम उसे इलाज के लिए ले गई, जहां तेंदुए ने दम तोड़ दिया।