ग्रेटर नोएडा में मोमोज खाने के लिए निकली तीन MBBS छात्राओं की पलटी कार, एक की मौत

  1. Home
  2. उत्तर प्रदेश
  3. नोएडा

ग्रेटर नोएडा में मोमोज खाने के लिए निकली तीन MBBS छात्राओं की पलटी कार, एक की मौत

ग्रेटर नोएडा में मोमोज खाने के लिए निकली तीन MBBS छात्राओं की पलटी कार, एक की मौत

उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में हादसे में गंभीर रूप से घायल एमबीबीएस छात्रा


पब्लिक न्यूज़ डेस्क। उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में हादसे में गंभीर रूप से घायल एमबीबीएस छात्रा की मौत हो गई है। जबकि उसकी दो बैचमेट (सहेलियां) गंभीर रूप से घायल हो गईं। बताया गया है कि तीनों एमबीबीएस छात्राएं लंच ब्रेक में मोमोज खाने के लिए निकली थीं। तभी उनकी कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और फिर पलट गई।

दो दिन तक जिंदगी-मौत से लड़ी तलविया

जानकारी के मुताबिक बिहार के दरभंगा निवासी तलविया को हादसे के बाद एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां वह दो दिनों तक जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ती रही। रविवार को उसने दम तोड़ दिया। वहीं हादसे में घायल उसकी सहेलियों की पहचान दिल्ली निवासी यशिका (23) और गुड़गांव निवासी तनिष्का (23) के रूप में हुई है। कार याशिका के परिवार की है।

नोएडा इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज की थी छात्रा

ग्रेटर नोएडा पुलिस की ओर से कहा गया है कि तीनों लड़कियां नोएडा इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (एनआईआईएमएस) की छात्राएं थीं। शुक्रवार को तीनों सहेलियों ने लंच ब्रेक में मोमोज खाने का प्लान बनाया था। इसके लिए वे तीनों यशिका की कार में सवार होकर नॉलेज पार्क गए। कार के ड्राइवर सूरज चला रहा था। मोमोज खाने के बाद तीनों कॉलेज लौट रही थीं। तभी कार अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से टकरा गई।

100 की रफ्तार से दौड़ रही थी कार

पुलिस की जांच में सामने आया है कि कार करीब 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ रही थी। यह हादसा निम्स से महज 200 मीटर की दूरी पर हुआ। तलविया और याशिका को गंभीर चोटें आई थीं। उन्हें पास के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया। सूचना पर याशिका के माता-पिता पहुंच गए। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद तनिष्का और सूरज को छुट्टी दे दी।

दरभंगा से आए माता-पिता को सौंपा शव

दनकौर के थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि एक राहगीर की सूचना पर पुलिस को हादसे की जानकारी हुई। मौके पर पहुंची टीम ने कार सवार लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने बताया कि वह मुकदमा दर्ज करने के लिए शिकायत का इंतजार कर रहे हैं। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद तलविया के शव को दरभंगा से आए माता-पिता को सौंप दिया गया।