पत्नी और बेटी की गोली मार कर हत्या, आपत्तिजनक वीडियो देखने के बाद विचलित हुए पिता ने घटना को दिया अंजाम

  1. Home
  2. उत्तर प्रदेश
  3. चित्रकूटधाम

पत्नी और बेटी की गोली मार कर हत्या, आपत्तिजनक वीडियो देखने के बाद विचलित हुए पिता ने घटना को दिया अंजाम

आपत्तिजनक वीडियो देखने के बाद विचलित हुए पिता ने घटना को दिया अंजाम

बेटी का आपत्तिजनक वीडियो देख विचलित हुए पिता ने लाइसेंसी बंदूक


संवाददाता विवेक मिश्रा 

चित्रकूट। बेटी का आपत्तिजनक वीडियो देख विचलित हुए पिता ने लाइसेंसी बंदूक से पत्नी और बेटी की गोली मार हत्या के बाद मौके से फरार हो गया। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल से बंदूक, कारतूस के दो खोखे बरामद किया। शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया है। एएसपी व एसडीएम ने घटना स्थल जाकर जांच पड़ताल की है।

पत्नी और बेटी की गोली मार कर हत्या

ये सनसनीखेज वारदात बहिलपुरवा थाना क्षेत्र के सेमरदहा गांव में सोमवार की दोपहर लगभग साढ़े बारह बजे की है। बताया गया कि पैरावेट नंदकिशोर त्रिपाठी की 19 वर्षीय पुत्री खुशी अपने ननिहाल माराचन्द्रा में रहकर पढ़ाई करती थी। वह गांव के युवक से प्रेम प्रसंग के चलते साथ चली गई थी। तीन दिन बाद वापस आने पर पिता उसे घर ले आया। सोमवार को सवेरे पुत्री का ननिहाल के युवक के साथ आपत्तिजनक वीडियो देख पारा चढ़ गया। लाइसेंसी बंदूक लेकर पुत्री को घर के अंदर ले जाने लगा। इस बीच पत्नी सीमा त्रिपाठी भी अंदर आ गई। दरवाजा बंद कर पिता ने पुत्री से पूछताछ किया। इस दौरान पुत्री की मां ने पक्ष लेना चाहा तो लाइसेंसी बंदूक से गोली मार दी। जिससे मौके पर ही मौत हो गई और पुत्री पर भी फायर झोक दिया। गोली की आवाज सुन दादा का पुत्र आशीष त्रिपाठी दीवार कूद कर पहुंचा। दरवाजा खोलने के दौरान हमलावर पिता बंदूक, मोबाइल छोड़कर फरार हो गया। लहूलुहान खुशी की चीख सुन सभी लोग एकत्र होकर आनन फानन जिला अस्पताल लाए। जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना से गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर भारी पुलिस बल के साथ बहिलपुरवा प्रभारी थानाध्यक्ष रामप्रवेश यादव पहुंचे। घटना स्थल से बंदूक, कारतूस व मोबाइल बरामद किया है। शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया है। घटना की जानकारी मिलते ही एएसपी चक्रपाणि त्रिपाठी, एसडीएम प्रमेश श्रीवास्तव, भरतकूप थानाध्यक्ष सुबेदार बिन्द पुलिस फोर्स के साथ जाकर जांच पड़ताल की है।

प्रेम संबंध बनी हत्या की वजह

घटना के संबंध में हत्यारोपी नंदकिशोर त्रिपाठी के दादा के पुत्र ने बताया कि भतीजी खुशी ननिहाल माराचन्द्रा में रहकर पढ़ाई करती थी। कक्षा दस की परीक्षा दिया है। यहीं के पंकज यादव नामक लड़के के साथ चली गई थी। इसकी जानकारी ननिहाल के लोगों ने पिता को दी थी। जिस पर खोजबीन की गई। इसी बीच लड़की खुद ही वापस ननिहाल आ गई। शनिवार की रात पिता अपने साथ घर ले आया था। तीन दिनो से घर में तनाव का माहौल रहा। बेटी से पिता लगातार लड़के के बारे में पूछताछ करता था और पिटाई भी की। इस पर दो दिन से मृतक खुशी ने खाना भी नहीं खाया था। सोमवार को पुत्री की हत्या करने का मन बना लिया। इसकी भनक चचेरे भाईयों को हो गई तो लाइसेंसी बंदूक भी ले लिया था, लेकिन उसके दिमाग से नहीं हट रहा था। मौका पाते ही भाई से बंदूक छीनकर पुत्री को मारने के लिए अंदर घुसकर दरवाजा बंद कर लिया और वारदात को अंजाम दे डाला।

लड़की के हाथ में लिखा था युवक का नाम

मृतका खुशी के हाथ में लड़के का नाम पंकज लिखा था। जिसे लेकर लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं रहीं। कुछ लोगों का कहना था आनर किलिंग है तो किसी ने इस घटना को दुखद बताया है।

हत्यारोपी की तलाश में लगी तीन टीमें

सेमरदहा गांव में हुई सनसनीखेज घटना को लेकर एएसपी चक्रपाणि त्रिपाठी ने बताया कि हत्यारोपी की तलाश के लिए तीन टीमें लगाई गई है। प्रथम दृष्टया मामला परिवारिक कलह का प्रतीत हो रहा है। वहीं प्रभारी थानाध्यक्ष रामप्रवेश यादव ने बताया कि पुत्री के प्रेम संबंध के चलते पिता ने पत्नी व पुत्री की गोली मारकर हत्या की है। तहरीर नहीं मिली है। हत्यारोपी की तलाश की जा रही है।

शवों का हुआ पोस्टमार्टम

 जिला अस्पताल में खुशी की मौत की जानकारी पर शहर कोतवाल दीपेन्द्र सिंह पहुंचे और परिजनों से पूछताछ किया है। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया है। मृतका सीमा त्रिपाठी की मृत्यु घटना स्थल पर होने पर बहिलपुरवा थाना पुलिस ने पंचनामा किया है।