पीटने पर युवक से लिपटा बालक, दोनो कुंए में गिरे

  1. Home
  2. उत्तर प्रदेश
  3. चित्रकूटधाम

पीटने पर युवक से लिपटा बालक, दोनो कुंए में गिरे

बालक कुएं में गिरे

बालक कुएं में गिरे


आरोपी युवक रेफर, मामला दर्ज

संवाददाता विवेक मिश्रा
चित्रकूट

शौचक्रिया करने गए बालक को युवक ने मारा पीटा। इसके बाद बालक को पकडकर सूखे कुएं फेंकने जा रहा था। इसी दौरान किशोर ने युवक को लिपटकर पकड़ किया। जिसके चलते दोनों लोग कुएं में गिर गए। ग्रामीणों की मदद से उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने युवक को प्रयागराज रेफर कर दिया। किशोर की मां की तहरीर पर मारपीट व जान से मारने का मामला पुलिस ने दर्ज कर लिया है।

घटना राजापुर थाना क्षेत्र के नांदिन कुर्मियान में मंगलवार की शाम हुई। बताया गया है कि बुद्धिबिलास गुप्ता का आठ वर्षीय पुत्र करन गुप्ता गांव के बाहर नांदिन कुर्मियान निवासी अभिलाष (42) अनंतराम सिंह के खेत में शौचक्रिया करने गया था। इसी दौरान नशे में धुत अभिलाष ने शौच क्रिया करने से मना किया। करन नहीं माना तो उसके साथ मारपीट करने लगा। इसके बाद करन को पकडकर खेत के पास सूखे कुएं में फेंकने लगा तो करन उससे लिपट गया। जिसके चलते दोनों कुएं में गिर गए। लगभग 15 फीट गहरे कुएं में गिरने के बाद दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

आनन-फानन ग्रामीणों की मदद से दोनों को रस्सी के सहारे बाहर निकाला गया। इसी बीच ग्रामीणों ने इसकी सूचना राजापुर थाना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजापुर में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने अभिलाष को  जिला अस्पताल रेफर कर दिया। कुछ घंटों तक जिला अस्पताल में इलाज चलने के बाद हालत गंभीर होते देख चिकित्सकों ने उसे प्रयागराज रेफर कर दिया। उधर करन की मां सीमा देवी ने अभिलाष के खिलाफ तहरीर दी है। राजापुर थाना प्रभारी भास्कर मिश्रा ने बताया कि मां की तहरीर पर मारपीट व जान से मारने के मामले में मामला दर्ज किया है। उन्होंने बताया कि नशे की धुत में अभिलाष ने यह कदम उठाया।