चित्रकूट मे 48 डिग्री पहुंचा तापमान,चार साल का टूटा रिकार्ड

  1. Home
  2. उत्तर प्रदेश
  3. चित्रकूटधाम

चित्रकूट मे 48 डिग्री पहुंचा तापमान,चार साल का टूटा रिकार्ड

हीट वेव से बचाव करती युवती

हीट वेव से बचाव करती युवती


:झुलसाती गर्मी में जनजीवन अस्त व्यस्त, विकल रहे पशु-पक्षी

संवाददाता विवेक मिश्रा
चित्रकूट

सूरज का रौद्र रूप मंगलवार को देखने को मिला। पारा 48 डिग्री होने के चलते साल का सबसे गर्म दिन रहा। झुलसाती धूप से लोग बिलबिलाते दिखे। आसमान से बरसती आग के चलते घर के बाहर निकलना दुष्कर रहा। कृषि विज्ञान केन्द्र गनींवा के मौसम पर्यवेक्षक अंकुर त्रिपाठी ने बताया कि इस वर्ष पिछले चार साल का रिकार्ड टूटा है।

इस वर्ष का सबसे गर्म दिन मंगलवार का रहा। मौसम एप के अनुसार पारा 48 डिग्री पहुंच गया। तेज चिलचिलाती धूप के चलते सड़कों पर गुजरने वाले लोग बेहाल दिखाई दिए। सुबह से ही प्रचंड धूप निकली जो दोपहर तक पूरे शवाब पर रही। ऐसे में सड़कों में सन्न्नाटा पसर गया। मजबूरीवश घरों से लोग गमछा, छाता लेकर निकले। बावजूद इसके झुलसाती धूप आफत बनी रही। लोग कुछ दूर चलकर छाया में खड़े होते देखे गए। इसके अलावा पशु-पक्षी भी भीषण गर्मी में विकल नजर आए। मौसम पर्यवेक्षक के अनुसार 48 डिग्री तापमान पिछले चार वर्ष बाद दर्ज हुआ है। मंगलवार को अब तक का सबसे गर्म दिन रहा है। बताया कि अभी दो तीन दिन पारा 45 से 47 तक रहेगा। 31 मई तक गर्म हवाएं चलने की संभावना है। लोग दोपहर में कार्य करने से परहेज करें। पेय पदार्थो का अधिक सेवन करें।

टूरिस्ट बस चालक की हीटवेव से बिगड़ी हालत, भर्ती

राजस्थान प्रांत के भवानी मंडी से टूरिस्ट बस में यात्री लेकर आया चालक मुकेश हीटवेव के चलते बेहोश हो गया। जिसे आनन फानन अन्य यात्रियों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। यात्री दिनेश कुमार, कृशपाल सिंह व महेन्द्र सिंह ने बताया कि बीती 26 मई को तीर्थयात्रा पर निकले हैं। चित्रकूट के वृंदावन धर्मशाला में मंगलवार को ठहरे। अचानक भीषण गर्मी के चलते चालक मुकेश की हालत खराब हो गई। इमरजेंसी वार्ड के डा. धर्मपाल ने बताया कि हीटवेव के चलते बेहोश हो गया था। जिसे उपचार दिया गया है।

उल्टी, दस्त, बुखार के मरीज भर्ती

जिले में इन दिनो भीषण गर्मी के चलते उल्टी, दस्त, बुखार, पेटदर्द के मरीजों की तादाद सरकारी व प्राईवेट अस्पतालों में देखी जा रही है। मुख्यालय के शंकर बाजार के गुलाब सिंह (75) पुत्र मलखान की बीती रात बुखार की चपेट में आने पर परिजन ओम नारायण जिला अस्पताल लेकर आया। जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। परिजन बिना पोस्टमार्टम शव घर ले गए। इसके अलावा मुख्यालय के अनिल यादव पुत्र राजेन्द्र, कलेक्ट्रेट आवास के वाईएस यादव के तीन वर्षीय पुत्र सुरेश, कर्वी के धर्मेन्द्र पुत्र डीबी मिश्रा, देवकली के घनश्याम सिंह पुत्र गोपाल को परिजनों ने उल्टी, दस्त, बुखार से पीड़ित होने पर भर्ती कराया है।