सामाजिक मर्यादाएं सिखाता है रामलीला मंचन: एसपी

  1. Home
  2. उत्तर प्रदेश
  3. चित्रकूटधाम

सामाजिक मर्यादाएं सिखाता है रामलीला मंचन: एसपी

रामलीला कार्यक्रम में एसपी ने आरती पूजन कर की शुरुआत

रामलीला कार्यक्रम में एसपी ने आरती पूजन कर की शुरुआत


:धनुष यज्ञ लीला में पहुंचीं एसपी ने दर्शकों को मातृ शक्ति की बताई महत्ता

संवाददाता विवेक मिश्रा
चित्रकूट

मानिकपुर ब्लाक क्षेत्र के ऐचवारा गांव में गुरुवार की रात धनुष यज्ञ लीला, लक्ष्मण-परशुराम संवाद का मंचन हुआ। शुक्रवार को गांव में भव्य राम बारात निकाली गई। धनुष यज्ञ लीला के दौरान ग्रामीण कलाकारों ने मंचन किया। लीला के माध्यम से भगवान राम के चरित्र का बखान किया गया। धनुष यज्ञ लीला का देर शाम एसपी वृंदा शुक्ला ने शुभारंभ किया। उन्होंने भगवान राम, लक्ष्मण व गुरु विस्वामित्र की आरती उतारी। कहा कि रामलीला मंचन में कलाकारों के अभिनय से समाज को बहुत कुछ सीखने को मिलता है।

सामाजिक मर्यादाओं के साथ ही किस तरह की भूमिका लोगों की होनी चाहिए यह सब लीला के मंचन में देखने को मिलता है। एसपी ने मातृ शक्ति को मां दुर्गा का अवतार बताया। कहा कि नौ दिन मां दुर्गा के अलग-अलग स्वरुप देखने को मिलते है। मातृ शक्ति अब अपने ऊपर होने वाले जुल्म को कतई सहन न करें बल्कि पुलिस को अवगत कराएं। उन्होंने महिला हेल्प लाइन नंबरों की जानकारी दी। लोगों से कहा कि थानों में उनकी शिकायत को गंभीरता से सुनकर निस्तारण किया जाएगा। अगर कहीं उनकी सुनवाई नहीं हो रही है तो उन्हें अवगत कराएं।

रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों ने एसपी को राम दरबार की प्रतिमा देकर सम्मानित किया। धनुष यज्ञ लीला में अखिलेश कुमार ने रावण, वेद प्रकाश शुक्ला ने वाणासुर, संस्कार ने राम, अंशू ने लक्ष्मण, रविकांत ने परशुराम, भास्कर प्रसाद लेखपाल ने पेटूराजा, लक्ष्मणलाल कानूनगो ने लहटकिया, आदित्य कुमार ने जनक, बुद्धबिलाश ने सतानंद, गौरेन्द्र व सक्षम ने साधू व असाधू का मंचन किया। रावण, वाणासुर व लक्ष्मण, परशुराम संवाद रोचक रहा।

इस दौरान मानिकपुर विधायक अविनाशचंद्र द्विवेदी, पूर्व मंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय, रवि त्रिपाठी, बद्री बिशाल त्रिपाठी, जगदीश गौतम, रामसागर चतुर्वेदी, तीरथ प्रसाद, भोला प्रसाद, पूर्व प्रधान त्रिवेणी प्रसाद, नंदकिशोर, गुलजारी गर्ग, रमाशंकर दुबे, श्रीनिवास शुक्ला, यमुना शुक्ला, गोविंद तिवारी, सुनील तिवारी, अनुसुइया तिवारी, वेदप्रकाश तिवारी आदि मौजूद रहे। मंच का संचालन वरिष्ठ अधिवक्ता टीएन शुक्ला ने किया। ग्राम प्रधान सुनील शुक्ला ने कार्यक्रम की व्यवस्था देखी।