बरसात के जल निकासी की बनी रूपरेखा

जल निकासी की समस्या से अवगत कराते नगर पंचायत के चेयरमैन को
संवाददाता विवेक मिश्रा
चित्रकूट
तुलसी जन्मस्थली राजापुर के नगर पंचायत अध्यक्ष व अधिशाषी अधिकारी ने नगर में जल निकासी को लेकर कालिन्दी नगर, रामनगर में भ्रमण कर समस्याओं को देखते हुए निस्तारण करने की रूपरेखा तय की है। बताते चलें कि कई वर्षों से नगर पंचायत राजापुर में जल निकासी की समस्या बनी हुई है। विस्तारित क्षेत्र काशी नगर, गोस्वामी नगर, रानी लक्ष्मीबाई नगर, आजाद नगर, कालिन्द्री नगर, पण्डित दीनदयाल नगर व रामनगर जो पहले ग्राम पंचायत पराकों, खटवारा, चिल्ली राकस में होने के चलते जल निकासी की समस्या के निदान के लिए कोई रूपरेखा नहीं बनाई गई थी। जिसके चलते बरसात के समय लोगों के मकानों, नापदानों में पानी भर जाता था। नगर पंचायत अध्यक्ष संजीव मिश्रा, अधिशाषी अधिकारी बीएन कुशवाहा, सभासद शंकरदयाल जायसवाल, कौशल किशोर पांडेय ने जल निकासी के लिए स्थलीय निरीक्षण किया। बताया कि नगर व विस्तारित क्षेत्र में जल निकासी की समस्या काफी दिनों से थी। जिसके निस्तारण के लिए आज तक कोई भी समाधान नहीं किया गया। इन क्षेत्रों में नए सिरे से नालियां निर्माणाधीन हैं। तालाबों में जल संचय का कार्य किया जाएगा।
चिल्लीराकस के कालिन्द्री नगर में स्थापित गंगी तालाब को भी बोर्ड के प्रस्ताव के माध्यम से अमृत सरोवर के रूप में विकसित कराने का प्रयास किया जा रहा है। सभी कार्यों की रूपरेखा तैयार कर ली गई है। कस्बे के कृष्णा नगर व गयागंज में भी समुचित जल निकासी की व्यवस्था न होने के कारण लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। जिसके लिए अध्यक्ष ने अपने सभासदों के साथ नगर भ्रमण कर जल निकासी की समस्या के साथ वार्डों को विकसित करने के लिए कई प्रकार की रूपरेखा तैयार की जा रही है। अध्यक्ष ने बताया कि आने वाले बरसात को देखते हुए 15 वार्डों में साफ सफाई कराई जा रही है।
नगर में प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त कराई जाएगी। तुलसी जन्मभूमि राजापुर के विकास के लिए प्रदेश सरकार को विकास प्रस्ताव भेजे गए हैं। जिसमें बंदन योजना के अंतर्गत तुलसी घाट का सुंदरीकरण, कस्बा सहित विस्तारित क्षेत्र के जल निकासी के लिए कई नालियां निर्माणाधीन है।