विपक्षी दल के नेताओं ने भाजपा में गुटबाजी पर ली चुस्की

  1. Home
  2. उत्तर प्रदेश
  3. चित्रकूटधाम

विपक्षी दल के नेताओं ने भाजपा में गुटबाजी पर ली चुस्की

कार्यक्रम से एक घंटे पूर्व ब्लाक किया गया रास्ता

कार्यक्रम से एक घंटे पूर्व ब्लाक किया गया रास्ता


:जनसभा में नहीं दिखे कई पूर्व जनप्रतिनिधि

:बांदा के सदर विधायक बोले-पार्टी नेता एक हैं, नहीं कोई गुटबाजी

संवाददाता विवेक मिश्रा
चित्रकूट

बांदा व चित्रकूट जिले के भाजपा नेता राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की जनसभा को सफल बताने का दावा कर रहे हैं लेकिन जिस मकसद से यह सभा हुई वो पूरा होते नहीं दिखा। अब आगे आने वाले बड़े नेताओं की सभा में यह देखना दिलचस्प होगा कि गुटबाजी खत्म हुई या नहीं। विपक्षी दल के नेताओं ने कहा कि भाजपा में कई पूर्व जनप्रतिनिधि रूठे हैं। अलग गुट बने हैं।
भाजपा के टिकट की घोषणा हुई तब से कुछ पूर्व जनप्रतिनिधि नाराज चल रहे हैं। यहां तक कि एक प्रतिनिधि ने तो नामांकन पर्चा तक खरीद लिया था हलंाकि नामांकन पर्चा नहीं भरा। गुरुवार को शहर के बेडीपुलिया के पास भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की जनसभा चल रही थी। इसमें बांदा के विधायक प्रकाश द्विवेदी ने कहा कि बांदा तो ठीक है पर चित्रकूट का हाल क्या है। नाराज चल रहे नेताओं के बारे में बिना नाम लिये कहा कि सब पार्टी के नाम पर एक हैं कोई गुटबाजी नहीं है। जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक जाटव ने कहा कि फिर से वही भाजपा का प्रत्याशी घोषित होना जीत की गारंटी है।
इस संबध में सपा के प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य अनुज यादव ने कहा कि भाजपा अपने भितरघातियों से जूझ रही है। नाराज भाजपाईयों को मनाने की बजाए सपाइयों पर फर्जी मुकदमे लगाने का दबाव बनाकर प्रचार से रोका जा रहा है। कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष पंकज मिश्रा ने कहा कि भाजपा दूसरे दलों के कामों में हस्तक्षेप करती है जबकि उनके ही दल में कई असंतुष्ट नेता हैं। दावा किया कि कई भाजपा नेता कांग्रेस के संपर्क में हैं।

जनसभा के दौरान कई बार हाईवे पर बनी जाम की स्थिति

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की चुनावी जनसभा के दौरान हाईवे पर कई बार जाम की स्थिति बन गई। सडक के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। जिससे भीषण गर्मी के चलते लोगों को समस्याओं का सामना करना पड़ा। इसके अलावा वैशाखी अमावस्या के दूसरे दिन आने-जाने वाले श्रद्धालुओं के चलते जाम लगा रहा। मुस्तैद दिखी यातायात पुलिस ने किसी तरह जाम को खुलवाया। हाइवे पर स्कूल बस, रोडवेज बस व अन्य प्राइवेट साधन जाम में फंसे रहे। इस बात की जानकारी यातायात पुलिस को हुई तो यातायात प्रभारी शैलेंद्र सिंह ने टीम के साथ पहुंचकर जाम खुलवाया। तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।

मंच पर राष्ट्रीय अध्यक्ष का हुआ स्वागत

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का उड़नखटोला 12ः50 के बजाए 1ः25 बजे हेलीपैड पर उतरा। मंच में पहुंचने पर प्रत्याशी समेत जिलाध्यक्ष, जिपं अध्यक्ष, विधायक, चेयरमैन ने पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। इसके पूर्व संस्कृत विद्यालय के वेदपाठी छात्रों ने स्वस्ति वाचन किया।

बोले प्रत्याशी-मोदी ने गरीबों के दिलों में कायम किया है विश्वास

भाजपा प्रत्याशी आरके सिंह पटेल ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन के पश्चात स्वागत भाषण में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश के गरीबों को ऊंचाईयों तक ले जाने के लिए संकल्पित हैं। गरीबों को पक्के मकान देकर विश्वास कायम किया है। महिलाओं को अधिकार दिलाया। गैस सिलेंडर से लेकर खाद्यान्न तक मुफ्त दिया। सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने केन्द्र की योजनाएं प्रदेश में जीरो टालरेंस की नीति से लागू कराया। गुंडे-माफिया जेल की सलाखों के पीछे हैं।

एक घंटे पहले से लगाया बैरीकेटिंग

राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के आगमन के एक घंटे पूर्व से बेड़ीपुलिया से बांदा मार्ग पर बैरीकेटिंग लगा दी गई थी। जिससे आवागमन प्रभावित रहा। वाहनों को सीतापुर होते हुए गंतव्य की ओर भेजा गया। सुरक्षा व्यवस्था में सभा स्थल से लेकर बेड़ीपुलिया तक फोर्स मुस्तैद रहा।