खनिज, परिवहन, वाणिज्य कर विभाग बढ़ाएं राजस्व: प्रभारी मंत्री

कलेक्ट्रेट में बैठक लेते प्रभारी मंत्री
:कानून व्यवस्था व विकास कार्यक्रमों की समीक्षा कर दिए निर्देश
संवाददाता विवेक मिश्रा
चित्रकूट
स्वतंत्र प्रभार पिछड़ा वर्ग कल्याण, दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग राज्य मंत्री व जनपद के प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप की अध्यक्षता में कानून व्यवस्था, विकास कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई।प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जनपद में जिन संबंधित विभागों को शासन ने राजस्व वसूली का लक्ष्य दिया है वे शत प्रतिशत कराएं, क्योंकि प्रदेश का विकास बिना राजस्व के नहीं हो सकता। राजस्व से ही प्रदेश चलता है। इस क्षेत्र में इनकम कम है। खनिज, परिवहन, वाणिज्य कर विभाग प्रयास करें तो राजस्व काफी बढ़ सकता है। वाणिज्य कर पर अधिक फोकस करने की जरूरत है। सभी अधिकारी मेहनत कर संभावनाओं को ढूंढें कि प्रगति कैसे होगी। प्रदेश के विकास को ध्यान में रखते हुए राजस्व को बढ़ाया जाए। उन्होंने अधीक्षण अभियंता विद्युत को सख्त निर्देश दिए कि जनपद में विद्युत व्यवस्था बाधित नहीं होना चाहिए। इसके लिए निचले स्तर के अधिकारी, कर्मचारियों की समीक्षा करें। अगर कहीं पर लापरवाही बरती जा रही है तो संबंधित के खिलाफ कार्यवाही की जाए। आकांक्षी जिला सरकार ने घोषित किया है। इस जनपद के विकास के लिए मुख्यमंत्री भी लगातार प्रयासरत हैं। यह धार्मिक क्षेत्र है।
पर्यटन तथा उद्योग को बढ़ावा देने के लिए कैबिनेट की बैठक में चित्रकूट के विकास के लिए पांच हजार करोड़ रुपए की धनराशि स्वीकृत की है। जिस प्रकार से प्रदेश सरकार विकास चाहती है उसी के अनुसार सभी अधिकारी कार्य करें। पर्यटन के विकास कार्य की प्रगति धीमी है इसे बढ़ाएं।
नल से जल की जो योजना है यह भारत सरकार एवं प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है। इसमें प्रगति कराकर जिले की जनता को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाए। किसानों की उपज बढ़ाने में भी ध्यान दें। किसान समृद्ध होगा तो प्रदेश व देश समृद्ध होगा। जन कल्याणकारी योजनाएं जनता तक पहुंचे। उन्होंने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि निराश्रित गोवंशो को शासकीय गौशालाओं पर शत प्रतिशत संरक्षित कराया जाए। ताकि किसानों की फसलों का नुकसान न हो। गौशाला निर्माणाधीन है उन्हें तत्काल पूर्ण कराएं। प्राइवेट गौशाला जो विभिन्न माध्यमों से चलाई जा रही हैं वह अब बंद क्यों है उनकी भी जांच कर संचालित कराएं। प्रभारी मंत्री ने अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड सत्येंद्र नाथ से कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप सड़कों के निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए। सेतुओ के निर्माण में प्रगति लाएं। इस पर डीएम अभिषेक आनन्द ने बताया कि सेतुओ के निर्माण कार्य प्रगति पर है।
सीएमओ डॉ. भूपेश द्विवेदी से कहा कि आई फ्लू की बीमारी इस समय चल रही है। इसको देखते हुए अभियान चलाकर स्वास्थ्य कैंप लगाकर जांच कराएं। धूम्रपान व तंबाकू के सेवन पर भी लोगों को जागरूक किया जाए। बीएसए से कहा कि गरीब बच्चों के प्रवेश के लिए जो सरकारी योजना चलाई है उसमें जन जागरूकता कर लोगों को लाभान्वित कराया जाए। मानिकपुर विधायक ने बीएसए से कहा कि मानिकपुर क्षेत्र के मऊ गुरदरी के विद्यालय का फर्नीचर टूटा हुआ है। वहां पर व्यवस्था कराई जाए। विद्यालयों में निरीक्षण कर शिक्षा के स्तर में सुधार कराएं।
प्रभारी मंत्री ने पुलिस अधीक्षक वृंदा शुक्ला से जनपद में कानून व्यवस्था के संबंध में विस्तृत जानकारी करते हुए कहा कि ’महिला संबंधी उत्पीड़न पर अपराधियों के खिलाफ त्वरित कार्यवाही होना चाहिए। जनपद में सरकार की मंशा के अनुरूप कानून व्यवस्था संचालित रहे। इस पर विशेष ध्यान दें। डीएम अभिषेक आनन्द ने प्रभारी मंत्री सहित सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए सभी जिला स्तरीय अधिकारियों से कहा कि प्रभारी मंत्री की अपेक्षा के अनुसार जनपद में विकास कार्य कराएं। यह भी देखें कि नया कार्य जनपद के विकास को देखते हुए कैसे हो सकते हैं। दिशा निर्देशों का अक्षरशः पालन कराया जाएगा।
इस दौरान विधायक मऊ मानिकपुर अविनाश चंद्र द्विवेदी, जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक जाटव, भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्र प्रकाश खरे, डिस्ट्रिक्ट कोआपरेटिव बैंक के अध्यक्ष पंकज अग्रवाल, सांसद प्रतिनिधि शक्ति प्रताप सिंह तोमर, सीडीओ अमृतपाल कौर, एडीएम कुंवर बहादुर सिंह, डीडीओ आरके त्रिपाठी, डीसी मनरेगा धर्मजीत सिंह, अधीक्षण अभियंता विद्युत बृजेश कुमार, डीपीआरओ कुमार अमरेंद्र सहित जिला स्तरीय अधिकारी, आलोक पांडेय, देव त्रिपाठी, रवि त्रिपाठी, शिवाकांत पांडेय आदि मौजूद रहे।