खेत में ट्रैक्टर पलटने से किसान की मौत

खेतो में धान की अहली करते समय किसान की हुई मौत , मृतक की फाइल फोटो
संवाददाता विवेक मिश्रा
चित्रकूट
धान लगाने को खेत में अहली करते समय अचानक ट्रैक्टर पलटने से ट्रैक्टर मालिक की घटना स्थल पर ही दबकर मौत हो गई। जबकि ट्रैक्टर में बैठा नवयुवक बाल-बाल बच गया। घटना से परिजनों में कोहराम मचा है। बताया गया कि थाना क्षेत्र के कंधवनिया गांव निवासी किसान अशोक कुमार सिंह (40) पुत्र शंभू शरण सिंह अपने खेत में धान के लिए खेत तैयार कर रहा था। अचानक ट्रैक्टर मोड़ते समय अगला हिस्सा उठने से पलट गया और दबकर मौके पर ही उसकी मौत हो गई। ट्रैक्टर पर बैठा संजय (25) पुत्र प्रकाश बाल-बाल बच गया।
अन्य किसानों ने देखा तो आसपास के लोगो को बुलाकर मशक्कत के बाद मृतक अशोक के शव को निकाला। परिजनों ने चौंकी गनीवा में घटना की जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया है। मृतक दो भाइयों में सबसे बड़ा था। चार पुत्रियां हैं। पत्नी उमा देवी रो-रो कर बेहाल है।