तपिश भी नहीं डिगा सकी आस्था, उमड़े श्रद्धालु

  1. Home
  2. उत्तर प्रदेश
  3. चित्रकूटधाम

तपिश भी नहीं डिगा सकी आस्था, उमड़े श्रद्धालु

अमावस्या मेला मे रामघाट मे उमड़ा श्रद्धांलुओं का सैलाब

अमावस्या मेला मे रामघाट मे उमड़ा श्रद्धांलुओं का सैलाब


:वैशाखी अमावस्या पर करीब दो लाख से अधिक आस्थावानों ने लगाई कामदगिरि की परिक्रमा

संवाददाता विवेक मिश्रा  
चित्रकूट

वैशाखी अमावस्या पर तीर्थक्षेत्र में दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने मंदाकिनी नदी में स्नान किया। परिक्रमा मार्ग पर दिनभर जय कामदनाथ भगवान के जयकारे गूंजते रहे। तीन दिन से पड़ रही भीषण गर्मी से बुधवार को काफी राहत भी रही।

अमावस्या मेला में तेज धूप श्रद्धालुओं की आस्था नहीं डिगा सकी। बड़ी संख्या में आस्थावान धर्मनगरी पहुंचे। दोपहर को बदली छाने से राहत मिली। जिन्होंने शुभ मुर्हूत में मंदाकिनी नदी में स्नान किया। इसके बाद रामघाट स्थित मत्तगजेंद्रनाथ मंदिर में जलाभिषेक कर भगवान कामदनाथ के दर्शन कर परिक्रमा लगाई। परिक्रमा मार्ग में श्रद्धालु भगवान कामदनाथ के जयकारे लगाते रहे। इसके बाद धर्मनगरी के जानकीकुंड, सती अनुसूइया आश्रम, गुप्त गोदावरी, भरतकूप आदि स्थानों के दर्शन किए।

अधिकारियों ने मेला क्षेत्र का किया निरीक्षण

अमावस्या मेला में व्यवस्था के लिए डीएम अभिषेेक आनंद, एसपी अरुण कुमार सिंह सहित अपर जिलाधिकारी उमेश चंद्र निगम, अपर पुलिस अधीक्षक चक्रपाणि त्रिपाठी ने अमावस्या मेला क्षेत्र का भ्रमण किया। मेला की व्यवस्था के लिए कई स्थानों पर अधिकारी तैनात रहे। वहीं डॉग स्क्वॉयड,एलआईयू की संयुक्त टीम द्वारा ने मेला क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया। इस मौके पर एलआईयू प्रभारी निरीक्षक सूर्यकांत अरुण राय आदि मौजूद रहे। वहीं एमपी क्षेत्र के सतना डीएम अनुराग वर्मा ने भी मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया।

श्रद्धालुओं को पिलाया गया शरबत

मुख्यालय के पुरानी कोतवाली चौराहे पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. भूपेश द्विवेदी के नेतृत्व में बैसाखी अमावस्या के मौके पर श्रद्धालुओं को शरबत पिलाया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने ठंडा शरबत पीकर कार्यों की सराहना की। सीएमओ ने बताया कि भीषण गर्मी को देखते हुए श्रद्धालुओं को ठंडे शरबत की व्यवस्था की गई है। दो वर्षों से यह कार्य किया जा रहा है। इस मौके पर दिनेश कुमार दुबे, दिनेश दत्त त्रिपाठी, अरुण कुशवाहा, आरके करवरिया, विकास कुमार कुशवाहा, संतोष श्रीवास्तव, ज्ञानचंद शुक्ला, तनरोत्तम सिंह आदि मौजूद रहे।