सिर में गहरी चोट से मौत, दुष्कर्म की जांच को भेजी गई स्लाइड

  1. Home
  2. उत्तर प्रदेश
  3. चित्रकूटधाम

सिर में गहरी चोट से मौत, दुष्कर्म की जांच को भेजी गई स्लाइड

kj


संवाददाता विवेक मिश्रा 
चित्रकूट

महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने छह लोगों को शक के आधार पर पकड़ा है। सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट में मौत का कारण सिर पर गहरी चोट ही है, लेकिन दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है। इसके लिए स्लाइड बनाकर जांच के लिए भेजा गया है।

बरगढ़ के आदर्श कालोनी निवासी रमेश वर्मा ने बताया कि उसकी पुत्री निशा वर्मा (42) का शव कोलमजरा के पास मिला था। उसके कपड़े अस्त व्यस्त थे। मौके से शराब, पानी की बोतल व कपड़े बरामद होने के बाद अज्ञात हत्यारोपियों के खिलाफ तहरीर दी है। बताया कि पुत्री का विवाह 15 साल पहले मप्र के रींवा जिले के पथरी बराछ पनवार निवासी रमेश कुमार के साथ हुआ था। पारिवारिक विवाद के दो साल बाद गर्भवती निशा ससुराल से मायके आ गई। तब से वह ससुराल कभी नहीं गई। यहीं पर वह काम करती थी। छह जनवरी से वह घर से गायब थी। बुधवार की सुबह उसका शव मिला है।

इस मामले में एसपी अरूण कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस को कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। हत्या के कारण व आरोपियों को जल्द सामने लाया जाएगा। सीओ शिवकरण ने बताया कि शक के आधार पर छह लोगों को पकड़ा गया है। इनसे पूछताछ जारी है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट में सिर पर गहरी चोट होने से मौत हुई है। दुष्कर्म मामले की पुष्टि के लिए स्लाइड बनवाई गई है। थाना प्रभारी राकेश मौर्य ने बताया कि शिनाख्त होने के बाद सीसीटीवी  फुटेज खंगाले जा रहे हैं। कई जानकारी मिली हैं। जल्द ही खुलासा होगा। कुछ लोगो को पूंछताँछ के लिए हिरासत में लिया है।

मोबाइल से खुलेंगे कई राज

घर में जाकर प्रसव कार्य कराने वाली महिला की हत्या के बाद से पुलिस कई पहलुओं पर भी मंथन कर रही है। मृतका का मोबाइल कई राज खोल सकता है, लेकिन अभी वह बरामद नहीं हुआ है। नंबर से पुलिस ने कुछ जानकारी एकत्र की है। घटना स्थल पर मिले एक स्वेटर को भी पुलिस सबूत के रूप में पेश कर रही है। यह स्वेटर हत्यारोपी का हो सकता है।