नहर किनारे गढ्ढे में दबा मिला शव, सनसनी एसपी ने हल्का इंचार्ज को किया निलंबित

  1. Home
  2. उत्तर प्रदेश
  3. चित्रकूटधाम

नहर किनारे गढ्ढे में दबा मिला शव, सनसनी एसपी ने हल्का इंचार्ज को किया निलंबित

नहर किनारे गढ्ढे में दबा मिला शव

नहर किनारे गडढे खुदवाकर पुलिस ने शव बरामद किया गया है


संवाददाता विवेक मिश्रा 

चित्रकूट

नहर किनारे गडढे खुदवाकर पुलिस ने शव बरामद किया गया है। जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव की शिनाख्त गांव के लखपत सिंह ने पुत्र निखिल कुमार (20) के रूप में की है। शव एक माह से ज्यादा समय का होने से सड गया था। जिससे उसके कपड़ों, माला व अंगूठी से शिनाख्त हुई।

गुरुवार को शहर कोतवाल दीपेंद्र सिंह मय फोर्स बरवारा गांव पहुंचे। साथ में गांव का कमल उपाध्याय, सनी कुमार व एक लडकी भी थी। जिनकी निशानदेही पर पुलिस ने नहर किनारे गडढा खुदवाया। जिसमें बोरे में लाश मिली। गांव के लखपत सिंह ने बताया कि तीन जनवरी को गांव के शिव मंदिर में कीर्तन था। इसमें गांव भर के लोग एकत्र थे और प्रसाद वितरण देर रात तक चला। इसी दिन से उसका पुत्र निखिल घर नहीं लौटा। एक दिन तक कुछ पता न चलने पर कोतवाली में गुमसुदगी की तहरीर दी थी। इसमें आशंका जताई थी कि गांव के ही कमल उपाध्याय व सनी कुमार ने उसके पुत्र का अपहरण कर हत्या कर दी है। इसकी जांच पुलिस कर रही थी लेकिन कुछ पता नहीं चला। मंगलवार को पुलिस ने गांव की एक लडकी को भी पकड़ा। इसके बाद निखिल के मोबाइल को सर्विलांस में लगाया गया। इससे पूरा राज खुला। मृतक के पिता ने आरोप लगाया कि उसके पुत्र का गांव की अन्य बिरादरी की लडकी से प्रेम प्रसंग चलता था। इसी लडकी से गांव के ही कमल उपाध्याय का भी परिचय था। इसे लेकर कई बार विवाद भी हुआ था। कोतवाली में तहरीर देकर कमल व उसके दोस्त सनी पर हत्या करने के आरोप लगाए हैं।

कोतवाल दीपेंद्र सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। पूरा मामला प्रेम प्रसंग को ही लेकर था। कमल ने निखिल  को रास्ते से हटाने के लिए शिव मंदिर में प्रसाद वितरण के दौरान ही पकडकर गमछे से हत्या कर बोरे में शव भर नहर किनारे दबा दिया था। सनी के सहयोग की जांच की जा रही है। इस मामले में अभी और कई तथ्य सामने आएंगे। उधर मामले में डेढ माह तक लापरवाही करने पर एसपी वृंदा शुक्ला ने हल्का इंचार्ज राधेश्याम को निलंबित कर दिया है। इसके अलावा तत्कालीन कोतवाल के खिलाफ भी जांच के आदेश दिए हैं। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।