स्कार्पियों की टक्कर से बालक की हुई मौत

  1. Home
  2. उत्तर प्रदेश
  3. चित्रकूटधाम

स्कार्पियों की टक्कर से बालक की हुई मौत

s


:देवी दर्शन करने गए तीन लोग भी हुए घायल

संवाददाता विवेक मिश्रा

चित्रकूट

मां के साथ देवी दर्शन करने गए छात्र व अन्य लोगों को तेज रफ्तार स्कार्पियों ने टक्कर मार दी। जिसके चलते बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। ड्राइवर स्कार्पियों छोड़कर भाग गया। पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया है।

राजापुर थाना क्षेत्र के गोसाईंपुर निवासी रामेश्वर प्रजापति ने बताया कि पत्नी उमा देवी के साथ अरविंद (5) मंगलवार की रात्रि गोसाईंपुर बस स्टैंड के पास देवी पंडाल में दर्शन करने गया था। प्रसाद लेने के बाद वह सड़क किनारे चबूतरे पर खड़ा था। कुछ दूर पहले गांव के ही राजकुमार (25), सुखलाल (28) व सुरेंद्र (18) खड़े थे। तभी राजापुर की ओर से आई तेज रफ्तार स्कार्पियो ने तीनों लोगों को टक्कर मारकर घायल कर दिया। हड़बड़ी में होने के चलते वह भागने लगा। इस दौरान चबूतरे के पास खड़े अरविंद को भी टक्कर मार दी। जिसके चलते उसकी मौके पर ही मौत हो गई। यह देखकर ड्राइवर स्कार्पियो छोड़कर भाग गया। घटना से मां के होश उड़ गए।

घटना स्थल पर सैकड़ों लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहाड़ी में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार कर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। मृतक अरविंद प्राथमिक विद्यालय गोसाईंपुर में कक्षा एक का छात्र था। वह तीन भाईयों में सबसे छोटा था। पिता मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते है।