मप्र में फिर बनेगी भाजपा सरकार: मंत्री

पत्रकारों से रूबरू होते जल शक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह
संवाददाता विवेक मिश्रा
चित्रकूट
प्रदेश के जलशक्ति विभाग के कैबिनेट मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने दावा किया पड़ोसी मध्य प्रदेश समेत देश के जिन पांच राज्यों में विधानसभा के चुनाव हो रहे हैं वहां भाजपा की ही सरकार बनेगी। आम जनमानस विपक्षियों की चाल को समझ चुके हैं। चित्रकूट की मंदाकिनी नदी में गिरने वाले नालों के लिए कांग्रेस कार्यकाल में बने होने का कारण बताया है। कहा कि जल्द ही मंदाकिनी प्रदूषण खत्म करने के लिए योजना बनाई जाएगी।
मप्र में चल रहे विधानसभा चुनाव के लिए प्रभारी बनाये गए यूपी के कैबिनेट मंत्री मंगलवार की सुबह चित्रकूट पहुंचे। भगवान कामदनाथ मंदिर के दर्शन कर परिक्रमा लगाई। इसके बाद डाक बंगले में कार्यकर्ताओं से भेंट की। इसी दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने दावा किया कि मप्र में फिर से भाजपा की सरकार बनेगी। चुनाव वाले अन्य राज्यों में भी भाजपा की सरकार बन रही है। विरोधी हार की खिसियाहट से अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं। पत्रकारों के सवाल पर कहा कि पैयुस्वनी व मंदाकिनी नदी का महत्व है। इसमें बढ़ता प्रदुषण चिंताजनक है। इसे दूर करने के लिए एक जिलास्तरीय ठोस कार्ययोजना बनाई जाएगी। इसके लिए संबधित विभाग के अधिकारियों को भी सहेजा गया है।
मंदाकिनी में गिरने वाले नालों के गंदे पानी को रोकने के लिए सवाल करने पर इसका ठीकरा कंाग्रेस पर फोडा। कहा कि यह सब कांग्रेस शासन काल में बने हैं। जल्द ही इसमें भी सुधार किया जाएगा। जल जीवन मिशन व पेयजल योजना के कामों को लेकर सवाल पर कहा कि इसकी समीक्षा की जाएगी। इस मौके पर जिलाध्यक्ष लवकुश चतुर्वेदी, पूर्व सांसद भैरो प्रसाद मिश्रा, रवि त्रिपाठी, राघवेंद्र सिंह, राजीव, अजीत सिंह आदि मौजूद रहे।