जैव विविधता के संतुलन से सुंदर होगा पर्यावरण

  1. Home
  2. उत्तर प्रदेश
  3. चित्रकूटधाम

जैव विविधता के संतुलन से सुंदर होगा पर्यावरण

छात्राओं को स्वछता की शपथ दिलाते संस्था के प्रबंधक

छात्राओं को स्वछता की शपथ दिलाते संस्था के प्रबंधक


:जल, जंगल और जमीन के संरक्षण में युवाओं की भूमिका पर हुई परिचर्चा

संवाददाता विवेक मिश्रा  
चित्रकूट

विकास पथ सेवा संस्थान ने जल, जंगल और जमीन के संरक्षण में युवाओं की भूमिका विषय पर परिचर्चा का आयोजन डॉ भीमराव अंबेडकर इंटर कॉलेज बरवारा में प्रधानाचार्य अनुपम सिंह की अध्यक्षता में किया। सामाजिक कार्यकर्ता डॉ प्रभाकर सिंह ने कहा कि जैव विविधता जितना संतुलित और सुव्यवस्थित होगा उतना ही सुंदर वातावरण होगा।

उन्होंने कहा कि सभी प्रकार के पशु, पक्षी, जीव, जंतु और पेड़ पौधे मानव जाति की मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति करते हैं। इनके अति दोहन के कारण ही मानव एवं जीव जंतु प्रभावित हो रहे हैं। जीवनशैली में परिवर्तन लाकर पर्यावरण को बचा सकते हैं। उन्होंने कहा कि गांव के तालाब खेल के मैदान बन चुके हैं। तालाबों में वर्षा का पानी कैसे संचय हो इसके लिए गांव स्तर पर सोचने की जरूरत है। जमीन में की जाने वाली कृषि प्रणाली में बदलाव लाकर जैविक एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देना होगा। समाजसेवी सभासद शंकर प्रसाद यादव ने चित्रकूट में जल संकट पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि कई इलाकों में मवेशी पानी पीने के लिए तरस रहे हैं। जल स्तर नीचे जा चुका है। यह एक गंभीर विषय है। जिस पर सबको सोचने की जरूरत है। मंदाकिनी एवं वाल्मीकि नदियां जो अविरल बहती थीं अब इनमें कहीं-कहीं पानी दहारों में मिलता है।

विद्यालय के शिक्षक शैलेंद्र सिंह ने कहा कि जल, जंगल और जमीन के संरक्षण में सबकी भूमिका होगी। अभी कुछ सार्थक परिणाम आएंगे। सभी को संस्थान के इस अभियान में सहयोग करना चाहिए। प्रत्येक छात्राओं का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि सब यह संकल्प लें कि जन्मदिन के अवसर पर एक पौधा जरूर लगाएंगे।

विद्यालय के प्रधानाचार्य अनुपम सिंह ने संस्थान के अभियान की सराहना करते हुए कहा कि कार्यक्रम से बच्चे प्रेरित हुए हैं और पर्यावरण संरक्षण में अपनी भूमिका अवश्य निभाने का काम करेंगे। इस दौरान जल संरक्षण की शपथ दिलाई गई। छात्राओं को डाबर इंडिया लिमिटेड की ओर से नि:शुल्क फ्रूट जूस का वितरण किया गया।