सामूहिक दुष्कर्म के तीन आरोपियों के घर चला था प्रशासन का बुलडोजर

  1. Home
  2. उत्तर प्रदेश
  3. चित्रकूटधाम

सामूहिक दुष्कर्म के तीन आरोपियों के घर चला था प्रशासन का बुलडोजर

सामूहिक दुष्कर्म के तीन आरोपियों के घर चला था प्रशासन का बुलडोजर

मंदाकिनी नदी में नाव पर सामूहिक दुष्कर्म के तीन आरोपियों के घर बुलडोजर चलने के बाद परिजनों 


संवाददाता विवेक मिश्रा 

चित्रकूट। मंदाकिनी नदी में नाव पर सामूहिक दुष्कर्म के तीन आरोपियों के घर बुलडोजर चलने के बाद परिजनों की रात जागते हुए कटी। छोटे बच्चे व महिलाएं आसपास रहने वाले रिश्तेदारों के घरों में रहे। मंगलवार की सुबह तोड़े गए मकान के आसपास टीन छप्पर लगाकर आशियाना बसाने का प्रयास शुरू किया। कई मददगारों ने महिलाओं व बच्चों के भोजन पानी का इंतजाम किया।

सतना मध्य प्रदेश की तहसील अंतर्गत चित्रकूट नया गांव थाना क्षेत्र के केवटरा गांव निवासी दुष्कर्म के आरोपी संतोष कुशवाहा, मोहित निषाद व विनोद निषाद के घरों पर सोमवार की दोपहर को मध्य प्रदेश प्रशासन ने बुलडोजर चलाया था। गौरतलब है कि शनिवार की देर रात्रि को मंदाकिनी नदी में प्रेमी के साथ घूमने आई किशोरी के साथ पांच नाविकों ने नाव पर सामूहिक दुष्कर्म किया था। मंगलवार को मझगवां एसडीएम जितेंद्र वर्मा ने बताया कि तीन अन्य आरोपी यूपी क्षेत्र के निवासी रामगोपाल, पंकज व मनोज के घरों में भी बुलडोजर चलवाने व कानूनन कार्रवाई कराने के लिए पत्र भेजा गया है।

मंगलवार की सुबह भी केवटरा के तीनों मकानों की हालत देखने के लिए सैकड़ों लोग पहुंचे। उधर, इन घरों में रहने वाले परिवार के सदस्य रातभर आसपास के घरों में डेरा जमाए रहे। संतोष, मोहित व विनोद के परिजनों के चेहरे उदास रहे और नम आंखों से अपने टूटे आशियाने को निहारते रहे। इसके बाद वह सब महिलाओं के साथ मिलकर टूटे घरों में बिखरी पड़ी गृहस्थी को सहेजने लगे। इन घरों के छोटे-छोटे बच्चों को आसपास के लोगों ने भोजन दिया और अपने घर में आश्रय भी दिया है। मंगलवार की सुबह तोड़े गए मकान के आसपास पीडित परिजन अपना नया ठिकाना बनाने की जुगत लगाते रहे।