22 एमएम अमृत बारिश से किसानों के खिले चेहरे

  1. Home
  2. उत्तर प्रदेश
  3. चित्रकूटधाम

22 एमएम अमृत बारिश से किसानों के खिले चेहरे

b


संवाददाता विवेक मिश्रा 
चित्रकूट

जिले में बुधवार की रात्रि को तीन घंटे से अधिक हुई 22 एमएम बारिश से किसानों के चेहरे खिल गए। किसानों का मानना है कि यह बारिश रबी की फसल के लिए अमृत है। हालांकि  कई किसानों ने फसल की बुआई नहीं की। इससे कहा जा रहा कि खेतों में पानी भर जाने से अब बुआई का कार्य पिछड़ जाएगा। कुछ किसानों की धान की फसल खलिहान में रखी थी। उसका नुकसान भी हुआ है।

रबी की फसल में गेहूं, चना, सरसों अलसी की फसल की किसानों ने बुआई की है। कई दिनों से किसान बारिश का इंतजार कर रहे थे। बुधवार की रात्रि को बारिश होने से किसानो के चेहरे खिल गए। किसान राजेश द्विवेदी, सुनील सिंह, राजकुमार पटेल ने बताया कि यह बारिश रबी की फसल के लिए अमृृत के समान है। बताया कि कई किसान नलकूप के माध्यम से खेतों की सिंचाई कर रहे थे। अब बारिश होने से सिंचाई करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। राजापुर क्षेत्र के चिल्लीमल, भदेदू गांव में खलिहान में रखी कुछ किसानों की धान रखी थी, जो भीग गई।

जिले में जोरदार बारिश होने से मौसम बदल गया है। ठंड भी बढ़ गई है। शहर सहित कस्बों व गांव की गलियों में बारिश का पानी भर गया। इससे आवागमन करने में समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। बुधवार की रात्रि दो बजे से सुबह 5 बजे तक रूक रूक कर बारिश होती रही। इससे शहर के एसडीएम कालोनी, भैरों पागा, भरतपुरी मोहल्ले में कई स्थानों पर बारिश का पानी भर जाने से यहां के निवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। तुलसी कृषि विज्ञान केंद्र गनीवां के मौसम वैज्ञानिक अंकुर त्रिपाठी ने बताया कि 22 एमएम बारिश हुई है। अभी तीन दिनों तक ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है।