परिणय सूत्र में बंधे 158 जोड़े, फूलों की हुई वर्षा

  1. Home
  2. उत्तर प्रदेश
  3. चित्रकूटधाम

परिणय सूत्र में बंधे 158 जोड़े, फूलों की हुई वर्षा

वैवाहिक जोड़े को प्रमाणपत्र देते डीएम सीडीओ

वैवाहिक जोड़े को प्रमाणपत्र देते डीएम सीडीओ


संवाददाता विवेक मिश्रा
चित्रकूट

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत मंगलवार को राष्ट्रीय रामायण मेला परिसर सीतापुर में 158 जोड़ों का सामूहिक विवाह विधिविधान से संपन्न हुआ।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम का डीएम अभिषेक आनन्द, सीडीओ अमृतपाल कौर, भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्र प्रकाश खरे, पूर्व राज्य मंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय, निवर्तमान नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र गुप्ता, सांसद प्रतिनिधि शक्ति प्रताप सिंह तोमर, ब्लॉक प्रमुख रामनगर गंगाधर मिश्रा, जिला उपाध्यक्ष पंकज अग्रवाल ने गणेश जी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलित व माल्यार्पण कर किया। पूर्व राज्य मंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय ने कहा कि प्रभु कामतानाथ की धरती पर यह कार्यक्रम आयोजित हुआ। मुख्यमंत्री ने यह योजना लागू कर गांव की गरीब कन्याओं को लाभ दिया है। पूर्व मंत्री ने सभी के सुखमय जीवन की कामना किया।

जिला समाज कल्याण अधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह भदौरिया ने जनप्रतिनिधियों का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत 158 जोडो का विवाह कराया गया। जिसमें बौद्ध धर्म रीतिरिवाज के अंतर्गत 10 जोड़े का विवाह संपन्न कराया गया। शासन की तरफ से 51 हजार रुपए की धनराशि खर्च की जाती है। जिसमें 35 हजार रुपए नकद कन्या के खाते में दिए जाते हैं। साथ ही कन्या के जेवरात व श्रृंगार के लिए 10 हजार व 6 हजार रुपए आयोजन में व्यय किया जाता है।

जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने वैवाहिक जोड़ो को जयमाला के दौरान पुष्प वर्षा कर शुभकामनाएं दी। तत्पश्चात विवाहित जोड़ों को प्रमाण पत्र, सामग्री भी प्रदान की गई। गायत्री शक्तिपीठ की टीम ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विवाह कार्यक्रम को संपन्न कराया। इस मौके पर विवाह पंजीकरण अधिकारी उप निबंधक कर्वी राजेश सिंह ने वैवाहिक जोड़ों का पंजीकरण भी किया।

कार्यक्रम का संचालन शिक्षक साकेत बिहारी शुक्ल ने किया। मां भगवती संगीत पार्टी ने प्रस्तुतियां दी। इस दौरान एडीएम कुंवर बहादुर सिंह, सदर एसडीएम राजबहादुर, डीडीओ आरके त्रिपाठी, पीडी ऋषि मुनि उपाध्याय, डीसी मनरेगा धर्मजीत सिंह, जिला कृषि अधिकारी आरपी शुक्ला आदि मौजूद रहे।