गली में खड़े 4 साल के बच्चे को सांड ने उठाकर पटका और फिर बैठ गया, जानें फिर क्या हुआ ?

उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले से दर्दनाक वीडियो सामने आया है।
पब्लिक न्यूज़ डेस्क। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले से दर्दनाक वीडियो सामने आया है। यहां गली में खड़े चार साल के मासूम बच्चे को आवारा सांड ने अपने सींगों से पहले उठाकर पटक दिया। इसके बाद पैरों से रौंदते हुए उसके ऊपर बैठ गया। किसी तरह से लोगों की उस पर नजर पड़ी तो बच्चे को बचाया गया।
हालांकि बच्चा गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में भर्ती है। यह पूरी खौफनाक घटना वहां लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।
नाती के साथ सुबह टहलने गए थे रिटायर्ड एसआई
जानकारी के मुताबिक मामला अलीगढ़ के गांधी पार्क थाना क्षेत्र स्थित परमानंद बिहारी कॉलोनी का है। यहां रिटायर्ड एसआई महीपाल सिंह अपने चार साल के नाती कृतीक के साथ सुबह टहलने के लिए निकले थे। किसी काम से महीपाल सिंह एक खाली प्लॉट में गए थे। बच्चा अकेला गली में खड़ा था।
देखने वालों के भी उड़ गए होश
इसी दौरान एक आवारा सांड ने बच्चे पर हमला कर दिया। सांड ने मासूम को पहले अपने सींगों से उठाकर पटल दिया। इसके बाद रौंदते हुए बच्चे के ऊपर बैठ गया। यह देख महीपाल सिंह के होश उड़ गए। तभी एक स्कूटी सवार युवक भी वहां पहुंच गया। बच्चे को सांड के नीचे से निकाला और तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया। बच्चे की हालत गंभीर है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ सांड का वीडियो
घटना की जानकारी के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। वहीं अलीगढ़ नगर निगम की टीम भी मौके पर पहुंची। उन्होंने आवारा सांड को पकड़ने का प्रयास किया। वहीं घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।