जम्मू-कश्मीर का एक पुलिस थाना...जहां से फरियादी कभी खाली हाथ नहीं लौटते

  1. Home
  2. जम्मू - कश्मीर

जम्मू-कश्मीर का एक पुलिस थाना...जहां से फरियादी कभी खाली हाथ नहीं लौटते

जम्मू-कश्मीर का एक पुलिस थाना...जहां से फरियादी कभी खाली हाथ नहीं लौटते


पब्लिक न्यूज डेस्क। ऊधमपुर जिले के बसंतगढ़ थाने की पुलिस ने जम्मू कश्मीर का नाम पूरे देश में रोशन किया है। इस थाने में तैनात पुलिस का व्यवहार इतना सहज है कि कोई फरियादी खाली हाथ नहीं लौटता। शिकायतों का त्वरित निपटारा और आम आदमी के साथ सामंजस्य बनाए रखने के चलते ही केंद्र सरकार ने बसंतगढ़ पुलिस थाने को देश के सर्वश्रेष्ठ 10 थानों में शुमार किया गया है। गृह मंत्रालय द्वारा जारी सूची में इस पुलिस थाने को नौवां स्थान मिला है।

ऊधमपुर जिले की पुलिस के लिए शुक्रवार का दिन बेहद खास रहा। गृह मंत्रालय द्वारा शुक्रवार को जारी देश के सबसे बेहतरीन 10 थानों की सूची में ऊधमपुर जिले के बसंतगढ़ थाने ने जगह बनाई है। बेहतरीन ढांचागत सुविधाओं और बेहतर कार्यप्रणाली के चलते इस थाने ने अपना नाम ऊंचा किया है। देशभर के 76 पुलिस थानों की इस सूची में नाम दर्ज कराने वाला यह प्रदेश का एकमात्र पुलिस थाना है।

गृह मंत्रालय ने वर्ष 2021 में देश के बेहतरीन थानों का चयन करने के लिए सर्वे कराया था। ट्रांस रूरल एग्रो कंसल्टिंग सर्विस मूल्यांकन करने का काम सौंपा गया। बसंतगढ़ थाने को सितंबर में सर्वे करने वाली कंपनी ने पत्र लिखकर सर्वे और मूल्यांकन के लिए नियुक्त किए गए अधिकारी की जानकारी दी थी। अक्टूबर में कंपनी की ओर से नियुक्त गुजरात रीजनल कार्यालय से वरिष्ठ कंसल्टेंट सर्वे व मूल्यांकन के लिए बसंतगढ़ पहुंचे, जहां पर दो दिनों तक उन्होंने सर्वे किया।

सर्वे के दौरान बसंतगढ़ थाने के वर्ष 2019-20 के क्राइम डिस्पोजल रिकार्ड का मूल्यांकन किया गया। बसंतगढ़ इलाके में 50 से ज्यादा लोगों से थाने की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी ली गई। इसके अलावा इलाके में अलग-अलग जगह जाकर लोगों से थाने में पुलिस सेवाओं के बारे में पता किया गया। इसके साथ ही थाने में उपलब्ध ढांचागत सुविधाओं को देखा गया।

इन सुविधाओं के चलते मिला सम्मान : बसंतगढ़ थाने में थाना प्रभारी का दफ्तर, महिला हेल्प डेस्क, महिला व पुरुष लाकअप, महिला व पुरुष शौचालय की व्यवस्था और वहां पर साफ-सफाई, मुंशी कक्ष, रिपोर्टिंग रूम का अच्छा इंतजाम है। थाने में शिकायत व अन्य कामों से आने के लिए प्रतीक्षालय कक्ष में अपनेपन जैसा अहसास होता है। वहां पर बैठने की समुचित व्यवस्था है। इस थाने में अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण फोन नंबर, ड्यूटी रोस्टर, क्राइम चार्ट आदि सब दुरुस्त रहता है। थाने में शिकायत या अन्य कार्यों के लिए आने वाले लोगों के साथ पुलिस का व्यवहार भी शालीन है। शिकायतों को गंभीरता से सुना जाता है। इनका निपटारा भी निष्पक्ष तरीके से किया जाता है।

बसंतगढ़ थाना देश के 10 बेहतरीन थानों में से नौवें स्थान पर रहा है। यह जानकारी सबसे पहले दैनिक जागरण से प्राप्त हुई है। 76 थानों में टॉप टेन में रहना खुशी और गर्व की बात है। इसका श्रेय बसंतगढ़ थाने के हर एक पुलिस कर्मी को जाता है, जिन्होंने एसएसपी, एएसपी, एसडीपीओ सहित जिला पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में काम करते हुए दुर्गम और दूरदराज के इलाके में स्थित थाने को इस मुकाम तक पहुंचाने में मेहनत की।  - पुष्पिंदर सिंह, थाना प्रभारी बसंतगढ़

दोस्तों देश दुनिया की और खबरों को तेजी से जानने के लिए बनें रहें पब्लिक न्यूज़ टी वी के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलों करने के लिए @PublicNewsTV और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @PublicNewsTV पर क्लिक करें।