राहुल गांधी पहुंचे संसद, ‘INDIA’ सांसदों ने किया भव्य स्वागत

  1. Home
  2. देश

राहुल गांधी पहुंचे संसद, ‘INDIA’ सांसदों ने किया भव्य स्वागत

राहुल गांधी पहुंचे संसद, ‘INDIA’ सांसदों ने किया भव्य स्वागत

लोकसभा सदस्यता बहाल होने के बाद राहुल गांधी करीब 12 बजे संसद पहुंचे


पब्लिक न्यूज़ डेस्क। लोकसभा सदस्यता बहाल होने के बाद राहुल गांधी करीब 12 बजे संसद पहुंचे। यहां विपक्षी दलों के गठबंधन ‘INDIA’ के सदस्यों ने उनका स्वागत किया। राहुल गांधी के संसद पहुंचने के बाद I.N.D.I.A गठबंधन के नेताओं ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और विपक्षी गठबंधन के पक्ष में नारे लगाए।

संसद पहुंचने के बाद राहुल गांधी ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने संसद भवन में महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद वे लोकसभा की कार्यवाही में शामिल हुए।

सुप्रीम कोर्ट की ओर से ‘मोदी’ उपनाम टिप्पणी मामले में उनकी दोषसिद्धि पर रोक लगाने के बाद लोकसभा सचिवालय ने आज राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता बहाल कर दी। लोकसभा सचिवालय द्वारा आज उनकी सदस्यता बहाल करने के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपने ट्विटर अकाउंट बायो को ‘अयोग्य सांसद’ से ‘संसद सदस्य’ तक अपडेट किया।

राहुल की सदस्यता बहाल होने के बाद कांग्रेस में जश्न का माहौल

राहुल गांधी की सदस्यता बहाल होने के बाद कांग्रेस में जश्न का माहौल है। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने विपक्षी दलों के गठबंधन ‘INDIA’ के नेताओं को अपने हाथों से मिठाई खिलाई।

वहीं, सोनिया गांधी के आवास के बाहर यानी 10 जनपथ के बाहर ढोल लेकर जश्न भी मनाया गया। पार्टी के ऑफिशियल ट्विटर हैंडल पर लिखा गया- नफरत के खिलाफ मोहब्बत की जीत।

राहुल गांधी की सदस्यता बहाल होने के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने ट्वीट कर कहा कि लोकसभा सचिवालय की ओर से राहुल गांधी की सदस्यता को बहाल करना स्वागत योग्य कदम है। यह भारत के लोगों और विशेषकर वायनाड के लोगों के लिए राहत जैसा है।

खड़गे ने कहा कि भाजपा और मोदी सरकार को अपने कार्यकाल का जो भी समय बचा है, उसका उपयोग विपक्षी नेताओं को निशाना बनाकर लोकतंत्र को बदनाम करने के बजाय वास्तविक शासन पर ध्यान केंद्रित करके करना चाहिए।

वहीं, राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता बहाल करने पर संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि स्पीकर ने आज फैसला लिया। हमने कानूनी प्रक्रिया का पालन किया और सुप्रीम कोर्ट का आदेश मिलने के तुरंत बाद हमने राहुल गांधी की सदस्यता को बहाल कर दिया।