मनचले के खौफ से दो बहनों ने कालेज जाना छोड़ा

  1. Home
  2. उत्तर प्रदेश
  3. मेरठ

मनचले के खौफ से दो बहनों ने कालेज जाना छोड़ा

मनचले के खौफ से दो बहनों ने कालेज जाना छोड़ा


मेरठ। मनचले ने दो बहनों का जीना मुहाल कर दिया है। उसके भय से दोनों ने दो सप्ताह से कालेज जाना भी छोड़ दिया। मंगलवार को पूजा के लिए मंदिर गर्ईं तो साथियों संग मिलकर बाइक सवार मनचले ने दोनों को अगवा करने का प्रयास किया। विरोध करने पर सरेराह पीटा भी। दोनों बहनें सुबह ही मंशा देवी मंदिर में पूजा करने के बाद घर लौट रही थीं।

आसपास के लोगों की भीड़ जमा होती देख आरोपित दोनों बहनों को छोड़कर भाग निकले। इसके बाद दोनों बहनों को उनकी मां थाने लेकर पहुंचीं और तहरीर दी। एक युवती के शरीर पर चोटों के निशान दिखाते हुए आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मेडिकल थाना क्षेत्र निवासी दो बहनें मंशा देवी मंदिर में पूजा करने के बाद घर लौट रही थीं। युवतियों की मां ने पुलिस को बताया कि शेरगढ़ी का रहने वाला अरुण छोटी बेटी को काफी दिनों से परेशान कर रहा है। मंगलवार को सद्भावना पार्क के पास अरुण ने अपने साथियों के साथ मिलकर दोनों युवतियों को जबरन बाइक पर खींचने का प्रयास किया।

महिला ने बताया कि उनकी छोटी बेटी स्टेडियम में रोजाना खेलने जाती है। पहले भी मनचला उसे जबरन बाइक पर बैठाने का प्रयास कर चुका है। तब लोकलाज के डर से उन्होंने पुलिस को शिकायत नहीं दी थी। महिला का कहना है कि दोनों बहनें ईव्ज चौराहे स्थित एक कालेज में पढ़ती थीं। आरोपित कालेज तक दोनों का पीछा करता है। उसके डर से दोनों बहनें दो सप्ताह से कालेज भी नहीं जा रही हैं।

महिला अपनी दोनों बेटियों को लेकर थाने आई थी। उनका कहना था कि आरोपित ने मंदिर से लौटते समय छेड़छाड़ की है। महिला की तहरीर पर चौकी प्रभारी को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। मुकदमा दर्ज कर आरोपितों को पकड़ा जाएगा।

दोस्तों देश दुनिया की और खबरों को तेजी से जानने के लिए बनें रहें पब्लिक न्यूज़ टी वी के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलों करने के लिए @PublicNewsTV और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @PublicNewsTV पर क्लिक करें।