‘6000 में बच्चा ले लो’, मां अपने ही बच्चे का कर रही सौदा …

  1. Home
  2. झारखण्ड

‘6000 में बच्चा ले लो’, मां अपने ही बच्चे का कर रही सौदा …

‘6000 में बच्चा ले लो’, मां अपने ही बच्चे का कर रही सौदा …

क्या कोई मां ऐसी भी हो सकती है कि वह अपने ही कलेजे के टुकड़े को बेचने की सरेआम बोली लगाए


पब्लिक न्यूज़ डेस्क। क्या कोई मां ऐसी भी हो सकती है कि वह अपने ही कलेजे के टुकड़े को बेचने की सरेआम बोली लगाए… ‘बच्चा ले लो’, ‘बच्चा ले लो…’ ‘6000 में बच्चा ले लो’। आप कहेंगे, भला ऐसा कहां होता है। न कहीं देखा, न कहीं सुना. लेकिन जब झारखंड के जमशेदपुर में बच्चा बेचने वाली एक लाचार मां की कहानी सामने आई तो पूरा समाज सकते में रह गया।

वाकया जमशेदपुर की बागबेड़ा ट्रैफिक कॉलोनी का है। मोहल्ले के लोगों ने इस महिला के बारे में तत्काल 100 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। लोगों ने पुलिस को बताया कि यहां एक महिला महज 2 माह के अपने नवजात बच्चे को बेच रही है। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची।  बच्चा बेच रही महिला को हिरासत में ले लिया।

क्या है इस लाचार मां की कहानी ?

पुलिस की गिरफ्त में आई महिला का कहना है कि वह पश्चिम बंगाल के पुरूलिया के बलरामपुर की रहने वाली है। करीब 2 माह पहले उसने जमशेदपुर के ही एक अस्पताल में बच्चे को जन्म दिया था। महिला ने आगे बताया है कि यह बच्चा उसके कथित प्रेमी से पैदा हुआ है।

बच्चे को जन्म देने के बाद वह महिला स्टेशन के आस पास रहने लगी। उसने बताया कि वहां गुजरने वाले यात्रियों और स्थानीय लोगों ने जब, जो खाने को दिया, उसी से जीवनयापन करती रही। लेकिन उसे लगा गुजारे के लिए यह नाकाफी है। कुपोषण के शिकार होते अपने मासूम के चेहरे को उसे देखा नहीं गया। ऐसे में उसने सोचा कि उसे बेच दूं तो वह किसी घर में जाकर अच्छे से पल, बढ़ जाएगा।