संपत्ति के विवाद में चाचाओं को थी फंसाने की साजिश

  1. Home
  2. उत्तर प्रदेश
  3. रायबरेली

संपत्ति के विवाद में चाचाओं को थी फंसाने की साजिश

संपत्ति के विवाद में चाचाओं को थी फंसाने की साजिश


पब्लिक न्यूज डेस्क। लखनऊ में देर रात मशहूर शायर शायर मुनव्वर राना के घर पर तलाशी लेने वाली रायबरेली पुलिस ने साजिश का सच सामने ला दिया है। रायबरेली में बीते सोमवार को शायर मुनव्वर राना के बेटे तबरेज ने बड़ी साजिश के तहत खुद पर हमला करवाया था। परिवार में सम्पत्ति का विवाद चल रहा है। इसी को लेकर तबरेज चाचाओं पर दबाव बनाना चाह रहा था।

पुलिस ने रायबरेली में रहने वाले तबरेज राना के दो मित्रों और कथित हमला करने वाले दो शूटर को भी गिरफ्तार कर लिया है। तबरेज ने रायबरेली में 18 बिस्वा विवादित जमीन बेची थी। इसमें उसके चाचा ने दाखिल खारिज रोक दी थी। इस मामले में परिवार के लोग ज्यादा अड़ंगेबाजी न करें इसलिए तबरेज ने यह साजिश रची। बीते सोमवार की शाम करीब छह बजे मुनव्वर राना के बेटे तबरेज राना पर लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर त्रिपुला चौराहे के निकट जानलेवा हमला हुआ था। बाइक सवार दो शूटरों ने उसकी कार पर दो बार फायर किया था। इसके जवाब में तबरेज ने भी लाइसेंसी रिवाल्वर से गोलियां चलाईं, लेकिन हमलावर भाग निकले थे।

घटना सीसीटीवी में कैद

रायबरेली में सोमवार शाम कथित हमले की घटना वहां लगे सीसीटीवी में कैद हुई है। जिससे पता चल रहा है कि कैसे मुनव्वर राना का बेटा तबरेज राना रायबरेली के पेट्रोल पंप पर पहुंचता है। वह अपनी गाड़ी पेट्रोल पंप के बाहर ही खड़ी कर देता है। इस दौरान वह गाड़ी में ही बैठा रहता है। कुछ देर बाद बाइक पर दो लोग पहुंचते हैं। वह गाड़ी का मुआयना कर गाड़ी में उस स्थान पर फायरिंग करते हैं, जहां पर तबरेज नहीं बैठा है। तबरेज गाड़ी की ड्राइविंग सीट पर था। गाड़ी पर फायर करने के बाद बाइक सवार भाग जाते हैं। इसके बाद आराम से तबरेज गाड़ी से बाहर निकलता है।

गलत वरासत होने के बाद बिगड़ा माहौल

आरोपित राफे राना ने बताया कि राजघाट पर उनके परिवार की साढ़े आठ बीघा जमीन है। इसमें चार बीघा उनकी और उनके भाई इस्माइल की है। साढ़े चार बीघा में छह भाइयों का हिस्सा है। पिता की मृत्यु के बाद गलत वरासत हो गई और पूरी साढ़े आठ बीघा जमीन छह भाइयों के नाम चढ़ गई। इसका वाद न्यायालय में विचाराधीन है। बकौल राफे फरवरी 2021 में तबरेज राना ने हमारे हिस्से की जमीन में से 18 बिस्वा बेच दी। ये बात जब पता चली तो निबंधन कार्यालय में आपत्ति करके दाखिल खारिज रोकवा दी। हमले की घटना से कोई सरोकार नहीं है।

प्रकरण में शामिल चार गिरफ्तार

एसपी रायबरेली श्लोक कुमार ने बताया कि वारदात में शामिल चार युवक गिरफ्तार किए गए हैं। तबरेज ने झूठा केस दर्ज कराया, उनकी भी गिरफ्तारी होगी।

दोस्तों देश दुनिया की और खबरों को तेजी से जानने के लिए बनें रहें पब्लिक न्यूज़ टी वी के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलों करने के लिए @PublicNewsTV और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @PublicNewsTV पर क्लिक करें।