राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज छाया रहा घना कोहरा और क्या है प्रदूषण का हाल जानिये?
![राजधानी दिल्ली कोहरे के गिरफ्त में](https://publicnewstv.in/static/c1e/client/101891/uploaded/27e9d42f8bf503b53dfa6c2b8e19cd4f.jpeg)
शुक्रवार रहा सीजन का सबसे ठंडा दिन
नई दिल्ली। दिल्ली के कुछ हिस्सों में शनिवार सुबह कोहरे की घनी परत छाई रही जिससे दृश्यता घटकर 100 मीटर रह गई और सड़क और रेल यातायात भी प्रभावित हो गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी के सफदरजंग वेधशाला में न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसम के सामान्य तापमान से तीन डिग्री कम है।
14 ट्रेनें हुई लेट
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि कुल 14 ट्रेनें डेढ़ से साढ़े तीन घंटे की देरी से चल रही हैं। सुबह 5:30 बजे, दिल्ली के दो मौसम केंद्रों, पालम में दृश्यता 100 मीटर और सफदरगंज में 200 मीटर थी। अन्य शहरों में यह पटियाला (पंजाब) और गंगानगर (राजस्थान) में 25 मीटर और चूरू में 50 मीटर था।
IMD के अधिकारियों ने कहा कि कोहरे की परत मुख्य रूप से पंजाब, उत्तरी राजस्थान, हरियाणा और दिल्ली में देखी गई। उन्होंने कहा कि बिहार के कुछ हिस्सों में एक और परत देखी जा रही है, जबकि उत्तर प्रदेश के क्षेत्र कोहरे से मुक्त हैं।
शुक्रवार रहा सीजन का सबसे ठंडा दिन
दिल्ली के विभिन्न इलाकों में कोहरा तो शुक्रवार को भी छाया रहा, लेकिन दृश्यता का स्तर थोड़ा ठीक ही रहा। अलबत्ता, शुक्रवार (23 दिसंबर) का दिन सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। अधिकतम और न्यूनतम दोनों ही तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के मुताबिक सुबह साढ़े पांच बजे पालम में 200 मीटर जबकि सफदरजंग पर 500 मीटर रिकार्ड किया गया। उधर, दिल्ली का न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 5.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 20.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोनों ही तापमान इस सीजन के अब तक के सबसे कम हैं। अधिकतम तापमान 16.3 डिग्री सेल्सियस की दृष्टि से जाफरपुर और मुंगेशपुर जबकि न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस की दृष्टि से रिज क्षेत्र दिल्ली के सबसे ठंडे इलाके रहे।
मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को आसमान साफ रहेगा जबकि सुबह के समय मध्यम श्रेणी का कोहरा होगा। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 20 और पांच डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। अगले कुछ दिनों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस और 19 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।