प्रियंका गांधी ने जहां की थी रैली, बंद हो गया उस शहर में कांग्रेस का कार्यालय

  1. Home
  2. उत्तर प्रदेश
  3. गोरखपुर

प्रियंका गांधी ने जहां की थी रैली, बंद हो गया उस शहर में कांग्रेस का कार्यालय

प्रियंका गांधी ने जहां की थी रैली, बंद हो गया उस शहर में कांग्रेस का कार्यालय


पब्लिक न्यूज डेस्क। वर्ष 2022 के चुनावी समर में उतरने के लिए राजनीतिक दल रोजाना बैठकें कर रहे हैं लेकिन कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता हाथ पर हाथ धरे बैठे हैं। वजह, जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यालय पर ताला लटकना है। 4.80 लाख रुपये के किराया बकाया में मकान मालिक ने कार्यालय पर ताला लगा दिया है। तकरीबन 10 दिन बाद भी कांग्रेसी किराया विवाद नहीं खत्म कर सके हैं। अब जिला कांग्रेस कमेटी शहर में दूसरी जगह कार्यालय के लिए कमरे की तलाश में जुटी है।

प्रियंका गांधी की रैली के बाद लगा ताला

31 अक्टूबर को कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने तारामंडल क्षेत्र के चंपा देवी पार्क में प्रतिज्ञा रैली की थी। प्रतिज्ञा रैली के अगले दिन मकान मालिक ने कांग्रेस कमेटी के कार्यालय पर ताला लगा दिया था।

आपस में ही भिड़े हैं कांग्रेसी

किराया विवाद में कार्यालय पर ताला लगाने का मामला सामने आया तो कांग्रेसी किराया जमा करने की जगह आपस में ही भिड़ गए हैं। कांग्रेसी एक-दूसरे पर किराया विवाद को मीडिया में ले जाने का आरोप लगा रहे हैं। कांग्रेस के वाट्सएप ग्रुप पर आरोप-प्रत्यारोप का दौर लगातार चल रहा है।

14 से निकलेगी भाजपा भगाओ-महंगाई हटाओ पद यात्रा

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर कांग्रेसी 14 नवंबर से 24 नवंबर तक जिले के सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा भगाओ-महंगाई हटाओ पद यात्रा निकालेंगे। प्रदेश उपाध्यक्ष विश्वविजय सिंह ने बताया कि हर विधानसभा क्षेत्र के कम से कम 60 ग्राम सभाओं व वार्डों से होते हुए 80 किलोमीटर पद यात्रा निकाली जाएगी। रोजाना एक नुक्कड़ सभा होगी। पद यात्रा के लिए कांग्रेसी तैयार हैं।

जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यालय के लिए कमरे की तलाश चल रही है। पुराने कार्यालय भवन का बकाया किराया दिया जाएगा। कांग्रेसी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटे हैं। - निर्मला पासवान, जिलाध्यक्ष, जिला कांग्रेस कमेटी।

दोस्तों देश दुनिया की और खबरों को तेजी से जानने के लिए बनें रहें पब्लिक न्यूज़ टी वी के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलों करने के लिए @PublicNewsTV और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @PublicNewsTV पर क्लिक करें।