ताकझांक और छेड़छाड़ को लेकर रात दो पक्षों में खूनी संघर्ष,एक की मौत

  1. Home
  2. उत्तर प्रदेश
  3. मेरठ

ताकझांक और छेड़छाड़ को लेकर रात दो पक्षों में खूनी संघर्ष,एक की मौत

ताकझांक और छेड़छाड़ को लेकर रात दो पक्षों में खूनी संघर्ष,एक की मौत


मेरठ।जिले में छेड़छाड़ की घटनाओं को लेकर हिंसक मामले बढ़ते जा रहे हैं। खासकर ग्रामीण इलाकों में छेड़छाड़ की वारदातों को लेकर अक्सर खूनी संघर्ष हो रहे हैं। जिनमें किसी न किसी की जान जा रही है। ऐसा ही एक मामला मवाना कस्बे के गांव भैंसा का है। जहां पर छेड़छाड़ को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। रात में गांव के बीचों-बीच ताबड़तोड़ गोलियां चलीं और एक युवक की हत्या कर दी। गोली लगने से एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गांव पहुंचे एसपी देहात ने कई थानों की फोर्स को तैनात कर स्थिति को काबू में किया। गांव में तनाव को देखते हुए रात में अधिकारियों ने भी कैंप किया। आज सुबह एसपी देहात खुद भी गांव पहुंचे और स्थिति का मुआयना किया। 

गांव भैंसा निवासी अंकुर का पड़ोसी अरुण से घर में छेड़छाड़ को लेकर विवाद चल रहा था। छह माह पहले भी दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। गांव के जिम्मेदार लोगों के समझाने पर मामला शांत हो गया था। करीब एक माह पहले दोनों परिवारों में विवाद बढ़ा और मारपीट हो गई।
आरोप है कि बुधवार रात अरुण अपनी छत पर था और अंकुर के घर के अंदर से उसके परिवार की महिलाओं से छेड़छाड़ कर रहा था। इसे लेकर अंकुर और अरुण के बीच कहासुनी हो गई। शोर शराबा होने पर परिवार के लोग छत पर आ गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों में पथराव हो गया। आरोप है कि इस बीच अरुण के भाई सचिन ने लाइसेंसी पिस्टल से गोलियां चला दीं। अंकुर के कंधे और उसके चाचा के पुत्र गौरव के सीने में गोली लगी। 

दोनों घायलों को लेकर परिजन मेरठ स्थित अस्पताल पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने गौरव को मृत घोषित कर दिया। गौरव की मौत की सूचना पर परिवार में कोहराम मच गया। घटना के बाद एसपी देहात केशव कुमार मौके पर पहुंचे। गांव में कई थानों की फोर्स को तैनात कर दिया गया है।
एसपी देहात केशव कुमार ने कहा, 'गौरव नाम के व्यक्ति की मौत हुई है और अंकुर घायल है। अंकुर की पत्नी से बात की तो खुलासा हुआ कि ढाई माह पूर्व छेड़छाड़ और आंगन में झांकने को लेकर मामूली विवाद हुआ था, तभी से दोनों परिवारों में तनाव चल रहा था। आरोपी ने लाइसेंसी रिवाल्वर से गोली मारी गई है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।'

दोस्तों देश दुनिया की और खबरों को तेजी से जानने के लिए बनें रहें पब्लिक न्यूज़ टी वी के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलों करने के लिए @PublicNewsTV और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @PublicNewsTV पर क्लिक करें।