यूपी में कोरोना मरीज़ में मिला डबल म्युटेंट , तीसरी लहर के लिए होगा ज़िम्मेदार 

 

वाराणसी। यूपी में पहली बार कोरोना मरीजों में डबल म्यूटेशन पाया गया है। इस व्यक्ति में बी.1.617.2 वैरिएंट पाया गया है। इसे विश्व स्वास्थ्य संगठन ने वैरिएंट ऑफ कंसर्न कहा है। मिली जानकारी के अनुसार सोनभद्र के 35 वर्षीय व्यक्ति का सैंपल 12 मई को लिया गया था। यह रिपोर्ट आईएमएस-बीएचयू के एमआरयू (मल्टी डिस्नेरी रिसर्च यूनिट) लैब से प्रोफेसर रॉयना सिंह ने 22 मई को एक अमेरिकन वेबसाइट जीसैड पर सबमिट किया था।

एमआरयू लैब की नोडल आफिसर प्रो. रॉयना सिंह ने बताया कि दस सैंपल में से दो व्यक्तियों में डबल म्यूटेशन मिला है। दोनों व्यक्ति अभी बिल्कुल स्वस्थ हैं। जबकि बीमारी के दौरान 35 वर्षीय व्यक्ति की हालत काफी खराब थी। उसका सीटी स्कोर भी चिंताजनक 18-19 के बीच दर्ज किया गया था। 

उन्होंने बताया कि सैंपल की जीनोम सिक्वेंसिंग पिछले दिनों एमआरयू लैब में ही की गई है। वहीं अब बनारस सहित चंदौली, जौनपुर और गाजीपुर के भी सैंपलों की जीनोम सिक्वेंसिंग की जाएगी। इससे यहां के वैरिएंट्स के बारे में पता चल सकेगा। उन्होंने बताया कि अब यह पता लगाया जा रहा है कि इस वैरिएंट के शिकार लोग क्या किसी दूसरे राज्य से प्रवास करके आए थे।

एमआरयू लैब के चेयरमैन प्रो. टीएम महापात्रा ने कहा कि कोरोना के मामले कम हो गए हैं लेकिन वायरस अभी सक्रिय है और म्यूटेट होने की प्रक्रिया में है। वैरिएंट ऑफ कंसर्न अर्थात बी.1.617.2 में दशमलव दो ज्यादा है जो कि बताता है कि डबल म्यूटेशन में भी हल्का बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि यदि ऐसे ही म्यूटेट होता रहा तो भविष्य में खतरा बढ़ सकता है। वहीं तीसरी लहर के आने में यह काफी अहम भूमिका भी निभा सकता है। कोरोना गाइडलाइन का पालन करना अब भी जरूरी है, क्योंकि जब संक्रमण दर कम होगा तो म्यूटेशन भी धीरे होगा।

दोस्तों देश दुनिया की और खबरों को तेजी से जानने के लिए बनें रहें पब्लिक न्यूज़ टी वी के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलों करने के लिए @PublicNewsTV और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @PublicNewsTV पर क्लिक करें।