वाराणसी में अखिलेश और ममता की जनसभा, यूपी में भी 'खेला होबे' का दिया नारा

 

पब्लिक न्यूज़ डेस्क। अखिलेश यादव और ममता बनर्जी की संयुक्‍त जनसभा रिंगरोड के समीप ऐढ़े में आयोजित की जा रही है। अखिलेश- ममता की संयुक्त जनसभा में लोगों के आने का क्रम सुबह से शुरू हुआ तो दिन चढ़ने तक जारी रहा। मंच पर सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर और सपा प्रदेश अध्‍यक्ष नरेश उत्तम पहुंचे और आयोजन का जायजा भी लिया। वहीं सपा, सुभासपा और टीएमसी के झंडों से मैदान पटा हुआ नजर आ रहा है। शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थी भी रैली में शामिल हुए और सुपरटेट पास अभ्‍यर्थियों में सभी की नियुक्ति के लिए अपनी मांग को बुलंद करते नजर आए।

बोले अखिलेश :  ममता बनर्जी के काशी आने भर से भाजपा तिलमिला गई। अब सात मार्च को भाजपा का सफाया होने वाला है। मैदान का उत्साह बता रहा है कि पूर्वांचल की जनता भाजपा को साफ करने का मन बना चुकी है। इस बार जनता चुनाव लड़ रही है। छठवें चरण में जनता भाजपा के प्रत्याशियों को छांट रही है। वहीं सातवें चरण में जनता भाजपा को नकार देगी। भाजपा झूठ बोलती है। कहते हैं भाजपा के नेता किसानों की आय दोगुनी कर देंगे। मैं इस जनसभा में आए किसानों से पूछता हूं कि क्या आपकी आय दोगुनी हुई। आज भाजपा ने रेल, हवाई जहाज, पानी का जहाज सब कुछ बेंच दिया है। मतलब यह कि न रहेगा बांस, न बजेगी बांसुरी। यह जो ऐतिहासिक समर्थन मिल रहा है। हमें विश्वास है कि जनता भाजपा के झूठ का रस निकाल देगी।

बोलीं ममता : मेरे छोटे भाई अखिलेश यादव, जयंत चौधरी और ओम प्रकाश राजभर की प्रतिष्ठा दांव पर है। मैदान की ऐतिहासिक भीड़ देखकर अब विश्वास हुआ है कि प्रतिष्ठा अब विपक्ष की दांव पर लगी है। कल जब मैं गंगा आरती से लौट रही थी तो भाजपा के कार्यकर्ता ने मुझे काला झंडा दिखाया। मेरे गाड़ी को धक्का दिया। वापस जाओ के नारे लगाए। इसके बाद मैं गाड़ी से उतर गई और कहा कि जो करना है करो। मैं डरने वाली नहीं। मैं लड़ाकू हूं। मैं समझ गई हूं कि बीजेपी हार रही है। वह खींझ दिखा रही है। अब यूपी में भी खेला होबे।

बोले शि‍वपाल : शि‍वपाल यादव ने कहा कि हम और अखिलेश अब एक हो गए हैं। अब आपको निर्णय लेना है। भाजपा को सत्ता से बेदखल करना है। हम आपसे पूछना चाहते हैं कि वाराणसी की सभी सीटों पर क्या आप सपा के नेताओं पर आशीर्वाद देंगे। हम आपसे आग्रह करते हैं कि जहां भी गठबंधन का प्रत्याशी हो वहां अपना आशीर्वाद बनाएं।

बोले रामगोपाल : रामगोपाल यादव ने क‍हा कि भाजपा की तरह सपा का घोषणा पत्र फर्जी नहीं है। हम जो कहते हैं वह करते हैं। बात चाहे शिक्षा मित्रों के नियमित करने की हो या फिर आशा बहनों के मानदेय बढ़ाने की हो। हम जो भी वादा कर रहे हैं वह पहली कैबिनेट में पूरी करेंगे। भाजपा के लोगों को पश्चिमी से समाजवादियों ने भागना शुरू किया है। यह सिलसिला सात मार्च को समाप्त हो जाएगा। अभी तो उत्तर प्रदेश की यह स्थिति है वर्ष 2024 में क्या होगा। अगर युवाओं का उत्साह इसी तरह कायम रहा तो वर्ष 2024 में भाजपा समाप्त हो जाएगी।

बोले ओम प्रकाश राजभर : सुभासपा नेता ने कहा कि हल्ला बहुत बा, केतना लोग अखिलेश के मुख्यमंत्री बनावे के तैयार बा। इस पर हाथ उठाकर जनता ने समर्थन दिया। प्रदेश में एक नई बीमारी आई है। बीमारी का नाम मोदी और योगी नामक भगवा सांड हैं। इनको भगाना जरूरी है। हम यहां उपस्थित सभी कर्मचारियों और उत्साहित युवाओं से कहना चाहता हूं कि आप सभी सपा को समर्थन दें। सरकार बनाएं हम शिक्षक भर्ती हो या पुलिस भर्ती हो सबका हल निकालेंगे। योगी मेरी हत्या कराना चाहते हैं। जब मैं अपने बेटे का नामांकन कराने पहुंचा तो योगी के गुंडों ने हमारे साथ बदसलूकी की। बेचारे प्रधानमंत्री आज वोट के लिए जिले जिले घूम रहे हैं।

बोले जयंत चौधरी : गठबंधन नेता जयंत ने कहा कि आज हम देश बचाने के लिए लड़ाई लड़ रहे हैं। युवा साथियों आप अपना समर्थन समाजवादी को दें। आज साथियों हमारे देश के कई लोग यूक्रेन में फंसे हैं। सरकार केवल दिखावा कर रही है। आज से कुछ वर्ष पहले भी इस तरह हुआ था। तब सरकार ने उन लोगों को वापस लाया। जिसकी चर्चा गिनीज बुक में भी हुई थी। आज भाजपा के लोगों से पूछिए कि यूपी चुनाव में का बा। यूपी चुनाव में गठबंधन बा। अब तो बंगाल से ममता दीदी भी बनारस आ गई हैं।

दोपहर 12.15 बजे बंगाल की मुख्‍यमंत्री ममता बनर्जी और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव सभा स्थल पर पहुंचेे। दोनों नेताओं के मंच पर पहुंचने के बाद कार्यकर्ताओं का उत्‍साह भी चरम पर नजर आया। नारों से दोनों नेताओं का स्‍वागत समर्थकों ने किया तो पूरा कार्यक्रम स्‍थल सियासी रंग में रंगा नजर आया। वहीं काफी मान मनौवल के बाद अखिलेश यादव को साइकिल भेंट करने सेवापुरी के पूर्व जिलापंचायत सदस्य शीतला यादव को पुलिस ने जाने की अनुमति दी।

दोस्तों देश दुनिया की और खबरों को तेजी से जानने के लिए बनें रहें पब्लिक न्यूज़ टी वी के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलों करने के लिए @PublicNewsTV और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @PublicNewsTV पर क्लिक करें।