EPF का पैसा लेकर कार्यदायी संस्था हुई नौ दो ग्यारह, 10 हजार कर्मचारियों का 80 करोड़ रुपए का हुआ घोटाला, जानें पूरा मामला

 

पब्लिक न्यूज़ डेस्क।  नगर निगम में काम करने वाले संविदा कर्मचारियों का 80 करोड़ रुपए कार्यदायी संस्था हड़प लिया। पिछले दो साल से कर्मचारियों के EPF का पैसा उनके खाते में नहीं डाला गया है। करीब 10 हजार कर्मचारियों को चपत लगी है।

सबसे बड़ी दिक्कत यह है कि कई फर्म अब नगर निगम में काम छोड़ चुकी हैं। उनके बारे में किसी को जानकारी नहीं है। जानकारों का कहना है कि करीब 10 ऐसे फर्म हैं, जिन्होंने EPF और ESIC फंड में खेल किया है। नगर निगम के एक सीनियर अधिकारी ने बताया कि कई संस्थाओं गायब हैं।

शिकायत के बाद भी अधिकारियों ने ध्यान नहीं दिया

नगर निगम कर्मचारियों की सैलरी से पैसा तो काटा गया, लेकिन EPF और ESIC अकाउंट में उसको नहीं डाला गया। नगर निगम के कर्मचारी इसको लेकर पिछले एक साल से शिकायत कर रहे थे। यहां तक कि शासन स्तर पर भी इसको लेकर पत्र लिखा गया। लोक मंगल में शिकायतें दर्ज कराई गई। मगर, अधिकारी ने इस पर आंख बंद किए रहे।

अप्रैल से तेज हुई जांच

अप्रैल से मामले में जांच तेज हुई। इसमें संबंधित बाबू और कुछ अधिकारियों से पूछताछ भी की गई। मगर, उसके बाद फिर सब शांत हो गया। अब शासन से निर्देश आने के बाद जांच के लिए संयुक्त टीम बनाई गई है।

2680.31 रुपए जमा होना चाहिए

नगर निगम के एक कर्मचारी के खाते में 2680.31 रुपए जमा होने चाहिए। इसमें कार्यदायी संस्था कर्मचारी के अकाउंट में 1502.31 रुपये भुगतान करती है। 1178 रुपए कर्मचारियों के वेतन से काटे जाते हैं। ऐसे में कर्मचारी के खाते में 2680.31 रुपए प्रति माह जमा होने चाहिए।

जबकि कुछ कार्यदायी संस्थाओं ने रकम का एक हिस्सा जमा करने के बजाय अपने पास ही रख लिया। निजी एजेंसियों की तरफ से नगर निगम में 10 हजार सफाई कर्मचारी तैनात किए गए हैं।

30 संस्थाओं को दिया गया नोटिस

नगर निगम के अपर नगर आयुक्त अभय कुमार पांडेय का कहना है कि इस मामले में 30 कार्यदायी संस्थाओं को नोटिस दी गई है। उनसे 15 दिन में जवाब मांगा गया है। शुरुआती जांच में पता चला है कि कर्मचारियों का EPF जमा नहीं करवाया गया है।

दोस्तों देश दुनिया की और खबरों को तेजी से जानने के लिए बनें रहें पब्लिक न्यूज़ टी वी के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलों करने के लिए @PublicNewsTV और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @PublicNewsTV पर क्लिक करें।