अर्ध नग्न अवस्था में खून से रक्तरंजित महिला का शव मिलने से मचा हड़कंप,

घटना स्थल का निरिक्षण करते डीआईजी, एसपी, कई थानो का पुलिस बल
 
:दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका, डीआईजी व एसपी ने घटना स्थल का किया मुआयना

संवाददाता विवेक मिश्रा 
चित्रकूट

बरगढ़ थाना क्षेत्र के कोलमजरा के पास अज्ञात महिला का रक्तरंजित शव मिला। दुष्कर्म के बाद हत्या कर आरोपी के भागने की संभावना है। घटना स्थल से शराब व पानी की बोतल समेत खून लगे पत्थर बरामद हुए। डीआईजी व पुलिस अधीक्षक ने फारेंसिक टीम के साथ घटना स्थल का मुआयना किया। महिला की शिनाख्त छिपाने के लिए हत्यारोपी ने पत्थर से सिर व चेहरा कुचल दिया है।

बुधवार की सुबह बरगढ़ रेलवे स्टेशन से लगभग पांच सौ मीटर दूर कोलमजरा के एक अर्द्धनिर्मित भवन की दीवार के पीछे महिला का शव मिला। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना थाना पुलिस को दी। महिला की उम्र लगभग 35 वर्ष आंकी गई है। महिला के शरीर के कपड़े अस्त व्यस्त मिले हैं। मौके पर शराब व पानी की बोतल भी बरामद हुई है। महिला का चेहरा पत्थर से कूचकर वीभत्स कर दिया गया है। ऐसे में शक है कि हत्यारोपी ने महिला की पहचान छिपाने के लिए उसका चेहरा वीभत्स कर दिया। घटना स्थल से पुलिस थाना भी लगभग 600 मीटर दूर है।

घटना की जानकारी होते ही डीआईजी अजय कुमार सिंह व पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बरगढ़ थाना पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फारेंसिक टीम ने भी सबूत एकत्र किए।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि महिला की हत्या कर शिनाख्त छिपाने के उद्देश्य से चेहरा वीभत्स किया गया है। दुष्कर्म की संभावना के लिए पोस्टमार्टम की रिपोर्ट का इंतजार है। महिला की पहचान के लिए आसपास के प्रयागराज व रीवां जिले के संबंधित थानों से जानकारी एकत्र की जा रही है। अभी तक सही जानकारी नहीं मिल पाई है। घटना का खुलासा करने के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित की गई है।