जरुरतमंदों की सेवा में पायनियर्स क्लब के कार्य सराहनीय: एएसपी

गरीबो को कंबल वितरित  करते अपर एसपी ,समाजसेवी
 
भीषण ठंड में कंबल पाकर गरीब हुए खुश

संवाददाता विवेक मिश्रा
चित्रकूट

इंटरनेशनल पायनियर्स क्लब के तत्वावधान में भीषण ठंड में ब्लाक पहाड़ी क्षेत्र के अरछा बरेठी गांव में चौपाल लगाकर कंबल वितरण किया गया। इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि अपर पुलिस अधीक्षक चक्रपाणि त्रिपाठी ने कहा कि जरूरतमंदों की सेवा कर संस्था पुनीत कार्य कर रहा है। हर सक्षम व्यक्ति को जरूरतमंदों की मदद अनिवार्य रूप से करना चाहिए। उन्होंने गांव की सुरक्षा व्यवस्था की भी जानकारी ली। कहा कि पुलिस सेवा के लिए सदैव तत्पर है।

संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष केशव शिवहरे ने कहा कि विगत कई वर्षों से सुदूरवर्ती ग्रामीण अंचलों में जाकर जरूरतमंद, निराश्रितों एवं वृद्धजनो के लिए हर संभव मदद करने का प्रयास करती है। इसी क्रम में कंबल वितरण कार्यक्रम के दूसरे चरण में जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए गए। नोडल मिशन शक्ति सीओ राजापुर निष्ठा उपाध्याय ने कहा कि मुख्यालय से दूर गांव में जरूरतमंदों के बीच आकर पायनियर क्लब के लोगों ने सराहनीय कार्य किया हैं। उन्होंने कहा कि महिला हेल्पलाइन 1090 व 112 को याद रखें। किसी भी मुसीबत में इन नंबरों में डायल करने पर कुछ ही पलों में पुलिस आएगी। समाजसेवी सभासद शंकर यादव ने आभार व्यक्त किया।

इस मौके पर सीओ एलआईयू अनुज कुमार मिश्रा, सरधुआ थानाध्यक्ष जयप्रकाश उपाध्याय, पायनियर्स क्लब के पदाधिकारी डा. सीताराम गुप्ता, डा. श्रीराम अग्रवाल, अमित अग्रहरि, मीडिया प्रभारी अशोक द्विवेदी, विशंभर, ज्ञानचंद, सरजो यादव, जगरूप कुशवाहा आदि मौजूद रहे।