गौरव दिवस पर जलेंगें 11 लाख दीपक

रामनवमी को चित्रकूट गौरव दिवस के रूप में मनाए जाने को 4 मार्च को खोया पाया
 

संवाददाता विवेक मिश्रा 

चित्रकूट। रामनवमी को चित्रकूट गौरव दिवस के रूप में मनाए जाने को 4 मार्च को खोया पाया केंद्र रामघाट व 17 मार्च को पंचायत भवन बालापुर माफी में अपर जिलाधिकारी कुंवर बहादुर सिंह की अध्यक्षता में  समीक्षा बैठक संपन्न हुई। उन्होंने बताया कि 30 मार्च को रामनवमी है। मप्र परिक्षेत्र में 6 लाख दीपक जलेंगें। उप्र परिक्षेत्र के कामदगिरि खोही व रामधाट में ढाई-ढाई लाख दीपक जलाने का निर्णय लिया गया है। सभी लोग दीपक, बाती, तेल आदि की व्यवस्था, जलाने का प्रबन्ध स्वयं से करेगें। उन्होंने कहा कि प्रशासन व्यवस्था के सम्बन्ध में समन्वय बनाएगा। नगर पालिका ईओ लाल जी यादव को निर्देश दिए हैं कि आसपास के सभी दीपक, तेल, बाती व्यवसायियों के नाम, मोबाइल नम्बर की सूची सभी को उपलब्ध करा दिया जाए। सदर एसडीएम राजबहादुर ने बताया कि जोन व सेक्टरवार ड्यूटी समन्वय बनाये जाने को लगायी जायेगी। दीपक के जलाने का समय सायं 7 से 7.30 बजे तक होगा। इस समय विद्युत की व्यवस्था बन्द रहेगी। ताकि दीपको की रोशनी प्रदर्शित हो सकें। उन्होंने कहा कि मठ, मन्दिर, अखाड़ो के महंतो से अपेक्षा की है कि सभी लोगों का दीपक जलाने का लक्ष्य निर्धारित किया जाये। इस दौरान सामाजिक संगठन, व्यापारियों व आमजन को दिए गए लक्ष्य के अनुरूप समय से दीपक जलाने का संकल्प लिया गया। उन्होंने कहा कि इस कार्य को आम जनमानस को जोडते हुए प्रत्येक घर में दीपक जलाने के लिए जागरूक करने की आवश्यकता है। इस मौके पर जिला सूचना अधिकारी सुरेन्द्र कुमार, महंत श्यामदास, नारायण दास, नवलेश दीक्षित, अरुण त्रिपाठी, हनुमान प्रसाद, अशोक त्रिपाठी, बाबूलाल पांडेय, राम प्रपन्नाचार्य आदि मौजूद रहे।