लोकसभा चुनाव के परिणाम में कांग्रेस पिछले 10 साल में सबसे बेहतर प्रदर्शन करती नजर आ रही है, जानिए किसमे कितना दम 

लोकसभा चुनाव 2024 के परिणाम में इस बार कांग्रेस चौंकाने वाला प्रदर्शन करती नजर आ रही है कांग्रेस ने पिछले 10 साल में सबसे बेहतर प्रदर्शन
 

पब्लिक न्यूज़ डेस्क- लोकसभा चुनाव 2024 के परिणाम में इस बार कांग्रेस चौंकाने वाला प्रदर्शन करती नजर आ रही है। कांग्रेस ने पिछले 10 साल में सबसे बेहतर प्रदर्शन किया है। पिछले दो लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने खराब प्रदर्शन किया था। उसे 2014 में 44 और 2019 में 52 सीटों पर ही जीत मिल सकी थी, लेकिन इस बार वह सेंचुरी लगाती नजर आ रही है। रुझानों के अनुसार, कांग्रेस को 100 से ज्यादा सीटों पर बढ़त मिल रही है। कांग्रेस के इस प्रदर्शन की क्या वजह है, आइए जानने की कोशिश करते हैं। राहुल गांधी ने भारत जोड़ो न्याय यात्रा के जरिए वोटरों को साधने की कोशिश की। उन्होंने 14 जनवरी से मणिपुर में शुरू हुई इस यात्रा के जरिए 63 दिन तक 6600 किलोमीटर का सफर तय किया। मणिपुर से शुरू हुई यात्रा मुंबई में खत्म हुई। राहुल ने इस यात्रा के जरिए 110 जिलों को कवर किया। उन्होंने 70 जगहों पर जनता को संबोधित किया। इस यात्रा से पहले राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा की थी। ये दोनों ही अभियान कांग्रेस के लिए संजीवनी साबित हुए। कांग्रेस के इस प्रदर्शन की एक बड़ी वजह राहुल गांधी का खटाखट वाला दांव माना जा रहा है। राहुल गांधी ने लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान ‘खटाखट’ वाला बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि इंडिया गठबंधन की सरकार बनने पर हर महीने पैसे दिए जाएंगे। जुलाई से हर महीने उनके खाते में 8500 रुपये आएंगे। उनके इस बयान की बीजेपी ने आलोचना भी की थी, लेकिन अब कहा जा रहा है कि राहुल गांधी का खटाखट वाला दांव चल गया।

यूपी में राहुल गांधी और अखिलेश यादव ने मिलकर बीजेपी को घेरा। एक ओर अखिलेश ने महंगाई और बेरोजगारी के मुदृदे उठाए तो वहीं राहुल गांधी ने अग्निपथ योजना का मुदृदा उठाया। राहुल गांधी ने कहा कि इंडिया की सरकार बनी तो अग्निपथ योजना को खत्म कर दिया जाएगा। सेना में भर्ती की बाट जोह रहे युवाओं के बीच ये मुदृदा लो​कप्रिय बनता नजर आया।