बंगाल में कांग्रेस कार्यकर्ता की गोली मारकर हत्या, मां बोली- TMC के थे हमलावर
 

पश्चिम बंगाल में पंचायत चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया शुक्रवार को शुरू हो चुकी है।
 

पब्लिक न्यूज़ डेस्क। पश्चिम बंगाल में पंचायत चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया शुक्रवार को शुरू हो चुकी है। इसके साथ हिंसा-मर्डर की घटनाएं भी शुरू हो गई हैं। ताजा मामला मुर्शिदाबाद के खरग्राम के रतनपुर नलदीप गांव का है। शुक्रवार की रात एक कार्यकर्ता की हत्या कर दी गई। जबकि बचाव के लिए दौड़े चार लोग हमले में घायल हुए हैं।परिवार ने सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के कुछ लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाया गया है।

घर के बाहर बैठे थे फूलचंद

ग्रामीणों के मुताबिक रतनपुर नलदीप गांव में शुक्रवार शाम को कांग्रेस कार्यकर्ता फूलचंद शेख (42) अपने घर के सामने बेटे को गोद में लेकर बैठे थे। पास में कई लोग ताश भी खेल रहे थे। आरोप है कि स्थानीय तृणमूल कांग्रेस नेता रफीक के नेतृत्व में करीब 15 बदमाश पहुंचे और फूलचंद को घेर लिया और उसे नजदीक से छह बार गोली मारी। फूलचंद को बचाने आए कुछ लोगों को पीटा गया। मारपीट में चार लोग घायल हो गए। इसके बाद बेखौफ अपराधी भाग गए। लहूलुहान फूलचंद स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। देर रात हालत बिगड़ने पर कांदी अस्पताल शिफ्ट किया गया। यहां उसकी मौत हो गई।

मां ने कहा- हम भी मर जाएंगे मगर नहीं छोड़ेंगे कांग्रेस

बताया गया है कि पंचायत चुनाव हिंसा में जान गंवाने वाले कांग्रेस कार्यकर्ता प्रवासी मजदूर फूलचंद 10 दिन पहले ही गृह राज्य केरल से लौटे थे। उनकी मां मरीना बीबी का आरोप है कि तृणमूल के लोगों ने उनके बेटे की हत्या की है। उन्होंने कहा हम मर भी जाएंगे तब भी कांग्रेस नहीं छोड़ेंगे।

कार्यकर्ताओं को डराने के लिए ये कायराना हरकत

कांदी के पूर्व विधायक और कांग्रेस नेता सफीउल आलम खान ने कहा है कि तृणमूल कांग्रेस ने यह कायराना हरकत कांग्रेस कार्यकर्ताओं को डराने के लिए की है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अधीर चौधरी ने कहा है बंगाल में चुनाव के नाम पर तमाशा चल रहा है। अगर गोलियों से सत्ता हथियाने की ख्वाहिश थी तो बैलेट के नाटक की क्या जरूरत थी। इस हत्याकांड के दौरान घायल कांग्रेस कार्यकर्ता साहेबन शेख ने कहा है कि यह हमला राजनीतिक कारणों से हुआ है।