पानीपत: वैक्सीनेशन का दूसरा फेज 8 फरवरी से, राजस्व, पंचायती राज कर्मचारियों को लगेगा कोरोना टीका

 

पानीपत। कोरोना वैक्सीनेशन का दूसरा चरण आठ फरवरी से शुरू करने की स्वास्थ्य विभाग ने तैयारी कर ली है। इसमें राजस्व और पंचायती राज विभाग के लगभग 250 कर्मचारियों को टीका लगाया जाएगा। उधर, पहले चरण का दूसरा चक्र भी 13 फरवरी से आरंभ हो जाएगा।

सिविल सर्जन डा. संतलाल वर्मा ने सोमवार को उच्चाधिकारियों से वीडियो कांफ्रेंस में हुई चर्चा के बाद यह जानकारी दी है। प्रथम चरण में 6660 हेल्थ वर्कर्स को वैक्सीन का टीका लगना है। दस दिनों 3265 वर्कर्स को ही टीका लगा है। अब स्वास्थ्य विभाग पर पहले चरण का प्रथम चक्र पूरा करने, दूसरा चक्र और द्वितीय चरण शुरू करने का दबाव है। सिविल सर्जन के मुताबिक आठ फरवरी से पहले सभी 6660 हेल्थ वर्कर्स को वैक्सीन की डोज दे दी जाएगी। नौ से 12 फरवरी के बीच राजस्व और पंचायती राज विभाग के कर्मचारियों को पहला टीका लगा दिया जाएगा, ताकि टीकाकरण का दूसरा चक्र शुरू करने में दिक्कत न आए।

सिविल सर्जन ने हेल्थ वर्कर्स से अपील करते हुए कहा कि अपनी बारी आने पर सभी वैक्सीनेशन कराएं। कोरोना से निर्णायक जंग में वैक्सीन सबसे बड़ा हथियार है। मास्क पहनें और सार्वजनिक स्थानों पर दो गज की शारीरिक दूरी बनाए रखें।

राजस्व विभाग ने दी 160 कर्मचारियों की सूची

दूसरे चरण में कोरोना वैक्सीनेशन के लिए राजस्व विभाग ने 160 अधिकारियों-कर्मचारियों की सूची स्वास्थ्य विभाग को सौंप दी है। कर्मचारियों की संख्या बढ़ भी सकती है। स्वास्थ्य विभाग सभी का डाटा कोविन एप पर अपलोड करेगा।

13 फरवरी से दूसरा चक्र

कोरोना वैक्सीन का दूसरा टीका 28 दिन बाद लगना है। 16 जनवरी यानि वैक्सीनेशन शुभारंभ के दिन टीका लगवाने वाले हेल्थ वर्कर्स(संख्या 140) के 28 दिन 12 फरवरी को पूरे हो जाएंगे। ऐसे में विभाग को 13 फरवरी से पहले चरण का दूसरा चक्र शुरू करेगा।

दोस्तों देश दुनिया की और खबरों को तेजी से जानने के लिए बनें रहें पब्लिक न्यूज़ टी वी के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलों करने के लिए @PublicNewsTV और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @PublicNewsTV पर क्लिक करें।