साकेत कोर्ट में फायरिंग मामले पर केजरीवाल ने कहा- लोगों की सुरक्षा राम भरोसे नहीं छोड़ी जा सकती
पब्लिक न्यूज़ डेस्क। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने साकेत कोर्ट परिसर में शुक्रवार सुबह हुई फायरिंग की वारदात को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है। बता दें कि हमलवरों ने एक महिला और उसके वकील को गोली मारकर घायल कर दिया था। केजरीवाल ने दावा किया कि दिल्ली में कानून व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह से चरमरा गई है, अगर वह (केंद्र सरकार) नहीं संभाल सकते हैं, तो उस व्यक्ति को इस्तीफा दे देना चाहिए।
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल ने ट्वीट कर लिखा कि दिल्ली में क़ानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गयी है। दूसरों के कामों में अड़चन करने और हर बात पर गंदी राजनीति करने की बजाय सबको अपने अपने काम पर ध्यान देना चाहिये और अगर नहीं संभलता तो इस्तीफ़ा दे देना चाहिए ताकि कोई और कर ले। लोगों की सुरक्षा रामभरोसे नहीं छोड़ी जा सकती।
क्या है साकेत कोर्ट में फायरिंग का मामला?
दिल्ली पुलिस के सीनियर अफसर के मुताबिक, महिला अपने वकील के साथ कोर्ट पहुंची थी। इसी दौरान एक व्यक्ति ने महिला और उसके वकील पर फायरिंग कर दी। फायरिंग की घटना में महिला घायल हो गई, जिन्हें इलाज के लिए एम्स में भर्ती कराया गया है।
डीसीपी साउथ चंदन चौधरी ने गोलीबारी की पुष्टि करते हुए बताया, “गोलीबारी की घटना में दो लोगों (एक महिला और एक वकील) को गोली लगी है।” इस बीच, विशेष पुलिस आयुक्त सागर प्रीत हुड्डा ने कहा कि हमलावर एक निलंबित वकील था, जिसका महिला से विवाद था और इसलिए उसने महिला पर गोली चला दी। अधिकारी ने कहा कि आरोपी हमलावर ने वकील की वर्दी पहनी हुई थी।