वीरेन्द्र सचदेवा दिल्ली प्रदेश भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त 

MCD चुनाव में हार के बाद दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता का इस्तीफ़ा
 

नई दिल्ली।  भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने आज पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा को पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। प्रदेश कार्यालय में आज आयोजित एक कार्यक्रम में विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी, प्रदेश महामंत्री कुलजीत सिंह चहल,  हर्ष मल्होत्रा, अशोक गोयल देवराहा, मीडिया रिलेशन प्रभारी श्री हरीश खुराना, मीडिया रिलेशन प्रमुख श्री प्रवीण शंकर कपूर, श्रीमती योगिता सिंह, पूर्वांचल मोर्चा अध्यक्ष कौशल मिश्रा, प्रदेश प्रवक्ता यासिर जिलानी एवं अजय सहरावत सहित सभी जिलों के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा को पुष्पगुच्छ एवं अंग वस्त्र भेंट कर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर प्रदेश संगठन महामंत्री श्री सिद्धार्थन भी उपस्थित थे।

इस अवसर पर वीरेन्द्र सचदेवा ने अपने सम्बोधन में पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा प्रदेश का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किये जाने पर आभार प्रकट किया और कहा कि हम सबको सामुहिक नेतृत्व प्रणाली से काम करना है। हमें बिना विश्राम अब 2024 के लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुट जाना है, प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के सबका साथ, सबका विकास के संदेश को जन-जन में प्रसारित कर 2024 में पुनः दिल्ली में भाजपा के सभी सातों सांसद प्रत्याशियों को सफल बनाने के लिये कार्य करना है।

अपने स्वागत सम्बोधन में रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि वीरेन्द्र सचदेवा का परिवार देश के विभाजन के समय पाकिस्तान से विस्थापित होकर पुरानी दिल्ली में बसा एक पंजाबी परिवार है, जिसने बहुत परिश्रम से समाज में अपना एक अलग स्थान बनाया है। बाल्यकाल से ही स्वयंसेवक  वीरेन्द्र सचदेवा शिक्षा से स्नातक हैं और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से भी प्रथम वर्ष शिक्षित हैं। 1988 से राजनीति में सक्रिय सचदेवा चांदनी चौक जिला भाजपा के, जिला उपाध्यक्ष, महामंत्री रहे और फिर 2007 में चांदनी चौक के जिलाध्यक्ष बने। निवास परिवर्तन के बाद श्री सचदेवा 2014 में मयूर विहार जिले के अध्यक्ष भी चुने गये और 2009 में प्रदेश में मंत्री रहे और 2020 में प्रदेश उपाध्यक्ष बने। समय-समय पर पार्टी के विभिन्न संगठात्मक जिलों के प्रभारी भी रहे हैं।