केजरीवाल ने तंज कस बताया BJP को है किससे 'घबराहट'

 

पब्लिक न्यूज़ डेस्क। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तंज कसा है। आम आदमी पार्टी (आप) संयोजक अरविंद केजरीवाल ने गुजरात विधानसभा चुनाव को लेकर कहा है कि भाजपा बहुत डरी हुई है। उन्होंने दावा किया कि इस 'डर' की वजह से भाजपा हर जिले में बीजेपी के एक केंद्रीय मंत्री या मुख्यमंत्री की ड्यूटी लगा रही है। केजरीवाल ने यह भी कहा कि यह डर 'आप' का नहीं, बल्कि जनता से है। 

केजरीवाल ने गुजरात में भाजपा के खिलाफ नाराजगी का दावा करते हुए ट्वीट किया, ''खबर है कि गुजरात के हर जिले में बीजेपी एक एक केंद्रीय मंत्री या किसी मुख्यमंत्री की ड्यूटी लगा रही है। बाप रे! इतना डर? ये डर आम आदमी पार्टी का नहीं है। ये डर गुजरात के लोगों का है जो बीजेपी से बहुत नाराज थे और अब तेजी से 'आप' का दामन थाम रहे हैं।''

बीजेपी सांसद परवेश साहिब सिंह वर्मा ने केजरीवाल के ट्वीट का जवाब देते हुए पलटवार किया। उन्होंने लिखा, ''सुनने में आ रहा है कि दिल्ली का CM और पंजाब का CM, शराब मंत्री सिसोदिया सहित सब गुजरात की गलियों में जनता के पैर पकड़ते घूम रहे हैं,कई जगह तो सूत्रों ने बताया है कि भ्रष्टाचारी केजरीवाल और सिसोदिया ने नाक तक रगड़ी है मगर गुजरात कि जनता तब भी AAP को गुजरात के लिए PAAP बता रही है।''

दिल्ली और पंजाब में सरकार चला रही 'आप' इस बार गुजरात में सभी सीटों पर चुनाव लड़ रही है। पहली बार गुजरात में इतने दमखम से उतरी केजरीवाल की पार्टी ने कई सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान भी कर दिया है। केजरीवाल खुद भी लगातार गुजरात के दौरे कर रहे हैं। उनका दावा है कि इस बार गुजरात का चुनाव भाजपा बनाम 'आप' होने जा रहा है। हालांकि, हाल ही में आए सी-वोटर के ताजा सर्वे में पार्टी के लिए उत्साहजनक अनुमान नहीं लगाया गया है। सर्वे के मुताबिक 'आप' 17 फीसदी वोट हासिल कर सकती है, लेकिन पार्टी 0-2 सीटों पर ही जीत मिल सकती है। 'आप' नेताओं का कहना है कि सर्वे गलत साबित होंगे और परिणाम चौंकाने वाले होंगे।

दोस्तों देश दुनिया की और खबरों को तेजी से जानने के लिए बनें रहें पब्लिक न्यूज़ टी वी के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलों करने के लिए @PublicNewsTV और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @PublicNewsTV पर क्लिक करें।