होली मिलन के फंड से खरीदेंगे ऑक्सीजन सिलेंडर

  1. Home
  2. उत्तर प्रदेश
  3. वाराणसी

होली मिलन के फंड से खरीदेंगे ऑक्सीजन सिलेंडर

होली मिलन के फंड से खरीदेंगे ऑक्सीजन सिलेंडर


वाराणसी। ऑक्सीजन सिलेंडरों की कमी को दूर करने की व्यापार मंडल ने पहल की है। वाराणसी नगर उद्योग व्यापार मंडल व इनसे संबद्ध संगठन होली मिलन के फंड से सिलेंडर खरीदकर व आम लोगों को निशुल्क उपलब्ध कराएंगे। रविवार को संगठनों ने वर्चुअल बैठक कर ऑक्सीजन सिलेंडर की खरीद के साथ ऐसे संस्थानों की पहचान की।

व्यापार मंडलों ने रामनगर औद्योगिक क्षेत्र में ऑक्सीजन सिलेंडरों को फैक्ट्रियों में रीफिल कराने के लिए संपर्क किया है। योजना के अनुसार शहर में दो से तीन स्थानों पर इन सिलेंडरों की उपलब्धता सुनिश्चित होगी, जहां सिक्योरिटी जमा कर सिलेंडर ले सकेंगे। तत्काल सिलेंडरों की संख्या बढ़ाने के लिए वेल्डिंग कारोबारियों से भी सिलेंडर लिए जाएंगे। पल्स ऑक्सीमीटर, बीपी मशीन भी आम लोगों को मामूली कीमत पर उपलब्ध कराई जाएंगी और जरूरतमंदों को नि:शुल्क दिया जाएगा। संबद्ध संगठनों में विश्वेश्वरगंज भैरोनाथ व्यापार मंडल, सिगरा महमूरगंज व्यापार मंडल, अर्दली बाजार व्यापार मंडल, वाराणसी मोटर पार्ट्स एसोसिएशन, सिगरा-माधोपुर व्यापार मंडल, वरुणा क्षेत्र व्यापार मंडल आदि शामिल हैं।

वाराणसी नगर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजीव सिंह बिल्लू व महामंत्री प्रतीक गुप्ता ने कहा कि किसी भी व्यक्ति से ऑक्सीजन सिलेंडर का शुल्क नहीं लिया जाएगा। जो लोग सक्षम होंगे, उनसे केवल रीफिलिंग की कीमत लेकर सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा। कुछ सिलेंडर खरीदे गये हैं जल्द ही और खरीदे जाएंगे। रामनगर औद्योगिक एसोसिएशन के अध्यक्ष देव भट्टाचार्य ने कहा कि फैक्ट्रियों से सभी तरह का सहयोग किया जाएगा।

दोस्तों देश दुनिया की और खबरों को तेजी से जानने के लिए बनें रहें पब्लिक न्यूज़ टी वी के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलों करने के लिए @PublicNewsTV और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @PublicNewsTV पर क्लिक करें।