ट्विटर ने बहाल किया राहुल गांधी का अकाउंट , मचा था बड़ा हंगामा  

  1. Home
  2. देश

ट्विटर ने बहाल किया राहुल गांधी का अकाउंट , मचा था बड़ा हंगामा  

ट्विटर ने बहाल किया राहुल गांधी का अकाउंट , मचा था बड़ा हंगामा  


नई दिल्ली। कांग्रेस के साथ तकरार के बीच अपने इंडिया प्रमुख का ट्रांसफर करने के बाद अब ट्विटर ने राहुल गांधी के अकाउंट को बहाल कर दिया है। एक सप्ताह तक अस्थायी तौर पर अकाउंट सस्पेंड करने के बाद ट्विटर ने शनिवार को राहुल गांधी के अकाउंट को अनलॉक कर दिया। दरअसल, कुछ दिनों पहले ही दिल्ली में दलित बच्ची की रेप और हत्या मामले में उसके परिजन की तस्वीर साझा करने को लेकर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष का ट्विटर अकाउंट बंद किया गया था और ट्विटर ने नियमों के उल्लंघन का हवाला दिया था। साथ ही ट्विटर ने कांग्रेस और पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं के ट्विटर अकाउंट बंद कर दिए हैं। 

सूत्रों ने कहा कि पार्टी के कुछ नेताओं के ट्विटर अकाउंट भी बहाल कर दिए गए हैं, जिन्होंने वही तस्वीरें साझा की थीं। पार्टी के एक पदाधिकारी ने कहा कि राहुल गांधी का ट्विटर अकाउंट अनलॉक कर दिया गया है।। उन्होंने कहा कि उनके अलावा कांग्रेस के कुछ अन्य नेताओं के अकाउंट भी बहाल कर दिए गए हैं। बता दें कि शुक्रवार को ट्विटर ने अपने इंडिया हेड मनीष माहेश्वरी का अमेरिका ट्रांसफर कर दिया। राहुल गांधी और कांग्रेस ने ट्विटर पर सरकार के दबाव में कार्रवाई करने का आरोप लगाया था। 

राहुल गांधी ने शुक्रवार को एक बयान जारी कर कहा, 'मेरा ट्विटर अकाउंट बंद करके वे हमारी राजनीतिक प्रक्रिया में हस्तक्षेप कर रहे हैं। एक कंपनी हमारी राजनीति का दायरा तय करने के लिए अपने कारोबार का उपयोग कर रही है। एक नेता के तौर पर मैं इसे पसंद नहीं करता।' उन्होंने दावा किया, 'यह हमारे देश के लोकतांत्रिक ढांचे पर हमला है। यह राहुल गांधी पर हमला नहीं है। सिर्फ यह नहीं है कि राहुल गांधी का अकाउंट बंद कर दिया गया। मेरे पास 1.9 करोड़ से दो करोड़ के बीच फॉलोवर हैं। आप उन्हें अपने विचार रखने के अधिकार से वंचित कर रहे हैं। आप यही कर रहे हैं।'

दोस्तों देश दुनिया की और खबरों को तेजी से जानने के लिए बनें रहें पब्लिक न्यूज़ टी वी के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलों करने के लिए @PublicNewsTV और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @PublicNewsTV पर क्लिक करें।