माहौल खराब करने वाले बख्शे नहीं जाएंगें: आयुक्त, धर्मनगरी को स्वच्छ-सुंदर, यातायात प्रबंधन के दिए निर्देश

  1. Home
  2. उत्तर प्रदेश
  3. चित्रकूटधाम

माहौल खराब करने वाले बख्शे नहीं जाएंगें: आयुक्त, धर्मनगरी को स्वच्छ-सुंदर, यातायात प्रबंधन के दिए निर्देश

माहौल खराब करने वाले बख्शे नहीं जाएंगें: आयुक्त, धर्मनगरी को स्वच्छ-सुंदर, यातायात प्रबंधन के दिए निर्देश


संवाददाता विवेक मिश्रा
चित्रकूट

 जनता से संवाद कार्यक्रम में गुरुवार को मंडलायुक्त दिनेश कुमार सिंह, आईजी एसके भगत, ने कलेक्ट्रेट सभागर में  डीएम शुभ्रान्त कुमार शुक्ल, एसपी अतुल शर्मा की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार में सामाजिक सौहार्द्र, शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जनपद के व्यापारियों, उद्यमियों, पत्रकारों, विभिन्न समुदायों के धर्मगुरुओ के साथ संवाद कार्यक्रम संपन्न हुआ।

आयुक्त दिनेश कुमार सिंह ने कहा कि धर्मनगरी इतिहास अलग रहा है। यहां पर सभी वर्गों के लोग आपस में मिलजुल कर सौहार्दपूर्ण त्योहार आदि पर्व मनाए जाते हैं। कहा कि प्रशासन सभी प्रकार की कार्यवाही पूरी निष्पक्षता के साथ कर रहा है। कहा कि असामाजिक तत्व माहौल खराब करने वाला कोई भी हो उसको किसी भी दशा में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार के अफवाह न फैलाएं। माहौल खराब करने वाले लोगों के बारे में तत्काल बताएं। उन्होंने कहा कि सभी वर्ग समुदाय आपस में मिलजुल कर रहे। छोटी बातों पर अनावश्यक उलझने का प्रयास न किया जाए। अपने बच्चों के मोबाइल की गतिविधियों पर नजर रखें। किसी नकारात्मक मैसेज को आगे न बढ़ाने दें। उन्होंने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को निर्देश दिए की नगरीय क्षेत्रों को बेहतर बनाएं। मार्निंग वॉक वाले स्थलों पर अनिवार्य रूप से सफाई, चूने का छिड़काव, पार्कों में अच्छी व्यवस्था तिरंगा लाइट आदि लगे। उन्होंने व्यापारियों से कहा कि सभी दुकानदार अपनी दुकानों में अनिवार्य रूप से डस्टबिन रखें। इधर उधर कूड़ा न फैलाएं। नहीं तो कार्यवाही की जाएगी। चित्रकूट को आदर्श नगर बनाना है। सड़क पर कोई भी कार्यक्रम नहीं होगा इसके लिए उन्होंने एसडीएम, सीओ को निर्देश दिए कि क्षेत्र में इसका पालन सख्ती से कराएं। कार्यक्रमों के लिए परमीशन अवश्य ले। उन्होंने संत महंतों से भी कहा कि साफ स्वच्छ चित्रकूट को बनाने में सहयोग करें। हरहाल में चित्रकूट का परिवर्तन होगा। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से कहा कि कार, टेंपो, ऑटो रिक्शा वालों के साथ बैठक कर बताएं कि पक्की सड़क पर वाहन न खड़े करें। सवारी सड़क छोड़कर उतारे व बैठाएं। बांदा में काफी परिवर्तन हुआ है। हार्न बजाने की प्रवृत्ति को समाप्त करना है। जिलाधिकारी से कहा कि बस स्टॉप का निर्माण जो बेड़ी पुलिया में कराया गया है वही सभी राज्य परिवहन की बसों का संचालन कराया जाए। कहा कि यहां पर एयरपोर्ट का निर्माण हो रहा है। बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे भी बनकर तैयार है। जब यह योजनाएं चालू हो जाएंगी तो यहां पर पर्यटकों का आवागमन अधिक होगा। जिससे बाहर से आने वाले तीर्थ यात्रियों से आमदनी होगी। धार्मिक नगरी से अच्छा संदेश जाना चाहिए। परिक्रमा मार्ग, रामघाट पर 24 घंटे सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाए।

पुलिस महानिरीक्षक परिक्षेत्र बांदा एसके भगत ने कहा कि समाज में शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की जिम्मेदारी हैं। किसी भी दशा में शांति व्यवस्था बाधित नहीं होने पाएगी। माहौल खराब करने वाले अराजकतत्व कोई भी हो उन पर कठोरतम कार्यवाही की जाएगी। कहा कि सभी से फीडबैक लेकर निस्तारण किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि अराजकतत्वों को विकास व शांति पसंद नहीं आ रही है। विभिन्न तरीके से माहौल बिगाड़ रहे हैं। कुछ लोग सोशल मीडिया के माध्यम से दुष्प्रचार कर रहे हैं। इन मौकापरस्त लोगों के चंगुल में न फंसे। नादानी नहीं करना है। अगर गलत मैसेज मोबाइल से फॉरवर्ड हुई तो कार्यवाही होगी। किसी गलतफहमी पर न रहे। सभी समुदाय के लोग सौहार्दपूर्ण वातावरण के साथ रहे। प्रशासन साथ हैं। जहां पर पर्यटन स्थल व धार्मिक स्थल है वहां व्यापारी अतिक्रमण कतई न करें। ताकि बाहर से आने वाले पर्यटकों को समस्या न हो और व्यापार भी चल सके। अवैध कार्य करने पर सख्त कार्यवाही की जाएगी। सड़क की पटरी पर काम करने वालों को चिंन्हित किया जा रहा है। इनके लिए भी व्यवस्था बनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि सौहार्दपूर्ण वातावरण से कोई समझौता नहीं, चाहे वह कितना बड़ा बाहुबली हो उसको दंड अवश्य मिलेगा। कहा कि आज जुमे की नवाज है। इसके अलावा आगे भी त्यौहार आ रहे हैं। सभी लोग शांति, सद्भाव, भाईचारा व समरसता के साथ मनाएं।

डीएम सुभ्रान्त शुक्ल ने कहा कि शहर अतिक्रमण मुक्त, स्वच्छ, सुंदर हो। आपस में संवाद होता रहे। चित्रकूट भगवान श्री राम की धर्मनगरी है। यहां पर किसी भी प्रकार की समस्या नहीं है। पुलिस अधीक्षक अतुल शर्मा ने कहा कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए दिशा निर्देश दिए गए हैं। समस्याओं का निस्तारण कराया जाएगा। कानून व्यवस्था बनाए रखना सभी का दायित्व है। शांति, सद्भाव, भाईचारा व समरसता के साथ रहें।

इस दौरान एडीएम कुंवर बहादुर सिंह, एडीएम न्यायिक वंदिता श्रीवास्तव, एएसपी शैलेंद्र कुमार राय, एसडीएम, सीओ सहित संबंधित अधिकारी, दिगंबर अखाड़ा के महंत दिव्यजीवन दास, व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष ओम केसरवानी, गुलाब गुप्ता,डब्बू,सुशील द्विवेदी आदि लोग मौजूद रहे।

दोस्तों देश दुनिया की और खबरों को तेजी से जानने के लिए बनें रहें पब्लिक न्यूज़ टी वी के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलों करने के लिए @PublicNewsTV और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @PublicNewsTV पर क्लिक करें।