राजभाषा सम्मलेन में बोले अमित शाह- हमें अपनी राजभाषा को मजबूत करने की जरूरत

  1. Home
  2. उत्तर प्रदेश
  3. वाराणसी

राजभाषा सम्मलेन में बोले अमित शाह- हमें अपनी राजभाषा को मजबूत करने की जरूरत

राजभाषा सम्मलेन में बोले अमित शाह- हमें अपनी राजभाषा को मजबूत करने की जरूरत


पब्लिक न्यूज़ डेस्क। वाराणसी के हस्तकला संकुल में गृहमंत्री अमित शाह अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन को संबोधित कर रहे हैं। इस सम्बोधन के दौरान उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन को राजधानी दिल्ली से बाहर करने का निर्णय हमने वर्ष 2019 में ही कर लिया था। कोरोना काल की वजह से हम नहीं कर पाएं, लेकिन आज मुझे खुशी हो रही है कि ये नई शुभ शुरुआत आजादी के अमृत महोत्सव में होने जा रही है।

वाराणसी में ट्रेड फैसिलिटी सेंटर में आयोजित राजभाषा सम्मेलन को संबोधित करते हुए गृहमंत्री अमित शाह ने कहा काशी भाषा के उपासकों का रहा है। यहां विद्या प्राप्त करने के लिए दुनियाभर से लोग आते हैं। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। आज संकल्प लेने का वक्त है, जब आजादी के 100 साल होंगे तो हमारी हिंदी भाषा का गौरव कहां होगा। अमित शाह ने जिक्र किया कि भारत को स्वराज तो मिल गया स्वभाषा (हिंदी) पीछे छूट गई है। हमें हिंदी को सशक्त बनाना होगा।

अमित शाह ने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव के तहत में देश के सभी लोगों का आह्वान करना चाहता हूं कि स्वभाषा के लिए हमारा एक लक्ष्य जो छूट गया था, हम उसका स्मरण करें और उसे अपने जीवन का हिस्सा बनाएं। हिंदी और हमारी सभी स्थानीय भाषाओं के बीच कोई अंतर्विरोध नहीं है। उन्होंने कहा कि मुझे गुजराती से ज्यादा हिंदी भाषा पसंद है। हमें अपनी राजभाषा को मजबूत करने की जरूरत है।

गृहमंत्री ने कहा कि पहले हिंदी भाषा के लिए बहुत सारे विवाद खड़े करने का प्रयास किया गया था, लेकिन वो वक्त अब समाप्त हो गया है। पीएम मोदी ने गौरव के साथ हमारी भाषाओं को दुनिया भर में प्रतिस्थापित करने का काम किया है। गृहमंत्री ने कहा कि जो देश अपनी भाषा खो देता है, वो देश अपनी सभ्यता, संस्कृति और अपने मौलिक चिंतन को भी खो देता है। जो देश अपने मौलिक चिंतन को खो देते हैं वो दुनिया को आगे बढ़ाने में योगदान नहीं कर सकते हैं। दुनिया में सबसे ज्यादा बोली जाने वाली लिपिबद्ध भाषाएं भारत में हैं। उन्हें हमें आगे बढ़ाना है।

दोस्तों देश दुनिया की और खबरों को तेजी से जानने के लिए बनें रहें पब्लिक न्यूज़ टी वी के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलों करने के लिए @PublicNewsTV और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @PublicNewsTV पर क्लिक करें।