दिल्ली- यूपी- एमपी में धूप से बुराहाल, इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, जानें- कहा कैसा रहेगा मौसम

  1. Home
  2. दिल्ली

दिल्ली- यूपी- एमपी में धूप से बुराहाल, इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, जानें- कहा कैसा रहेगा मौसम

दिल्ली- यूपी- एमपी में धूप से बुराहाल, इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, जानें- कहा कैसा रहेगा मौसम


पब्लिक न्यूज़ डेस्क। उत्तर और मध्य भारत के विभिन्न राज्यों में भीषण लू की स्थिति बनी हुई है। कई राज्यों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से उपर पहुंच गया है। दिल्ली, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश आदि जैसे राज्यों में तापमान 44-45 डिग्री तक पहुंच रहा है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली, मध्य प्रदेश आदि में आज हीटवेव की गंभीर स्थिति रहने वाली है। हालांकि, अब भी सिक्किम जैसे कई राज्य हैं, जहां पर बारिश होती रहेगी।

मौसम विभाग ने बंगाल, सिक्किम के लिए अगले पांच दिनों तक भारी बारिश का अनुमान जताया है। इसके साथ ही, उत्तर पश्चिम व मध्य भारत में अगले तीन-चार दिनों तक हीटवेव चलेगी। दूसरी ओर भीषण गर्मी से परेशान दिल्ली के लोगों के लिए राहत की बात यह है कि 15 जून तक मानसून आने की उम्मीद जताई गई है। दक्षिणी पश्चिमी मानसून अब पश्चिम बंगाल में प्रवेश कर गया है। भारतीय मौसम विभाग(आईएमडी) ने देश के कई राज्यों में आंधी के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी कर दी है।

इन राज्यों में भारी बारिश की चतावनी जारी

मौसम विभाग के मुताबिक आगामी 5 दिनों के दौरान अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा और उप हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में आंधी के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी कर दी है। 8 से 10 जून के दौरान मेघालय में अलग-अलग स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश का कहर देखने को मिलने की उम्मीद है। आईएमडी के मुताबिक अगले 5 दिनों के दौरान बिहार, झारखंड, ओडिशा और गंगीय पश्चिम बंगाल में गरज के साथ छिटपुट बारिश होने की संभावना जताई गई है।  वहीं, कर्नाटक, केरल और माहे और लक्षद्वीप में बादलों की गरज के साथ तेज बारिश का प्रकोप देखने को मिलेगा। आगामी 5 दिनों के दौरान आंध्र प्रदेश और यनम और तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में बिखरा हुआ है और तेलंगाना में अलग-अलग गतिविधि है।

इन राज्यों में गर्मी और लू से बढ़ेगी लोगों की परेशानी

मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर भारत के पंजाब, हरियाणा-दिल्ली और उत्तराखंड में 9 जून तक लू चलने की संभावना है। आठ जून तक ओडिशा, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के लिए भी इसी तरह की स्थिति की भविष्यवाणी जारी की गई है। जम्मू संभाग, हिमाचल प्रदेश, पश्चिम राजस्थान, उत्तरी झारखंड और विदर्भ में मंगलवार तक तक भीषण लू चलने की उम्मीद है। आज के लिए पूर्वी राजस्थान, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना पर भी हीटवेव की भविष्यवाणी की गई है।

दिल्ली में अभी एक-दो दिन भीषण गर्मी का प्रकोप

दिल्ली के लोगों को अभी एक-दो दिन भीषण गर्मी के साथ ही लू का सामना करना पड़ सकता है। मंगलवार के लिए भी यलो अलर्ट जारी किया गया है। शुक्रवार के बाद गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग का अनुमान है कि शनिवार और रविवार को बादल छा सकते हैं और हल्की बारिश भी हो सकती है। मौसम विभाग का अनुमान है कि मंगलवार को भी दिल्ली के ज्यादातर हिस्से में लोगों को झुलसाने वाली लू का सामना करना पड़ेगा। इस दौरान आसमान साफ रहेगा। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 44 डिग्री और 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। दिन के समय 25 से लेकर 35 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार वाली हवाएं चल सकती हैं। मध्य प्रदेश और दिल्ली के कुछ हिस्सों में लू से लेकर गंभीर लू की स्थिति बन सकती है। विदर्भ और हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, पश्चिम राजस्थान और उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में लू की स्थिति संभव है।

पंजाब में लू का प्रकोप जारी, येलो अलर्ट जारी

पंजाब के लोगों को इस सप्ताह भीषण गर्मी और लू से राहत नहीं मिलने वाली है। अभी तीन दिन और लोगों को लू का कहर झेलना पड़ सकता है। मौसम केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार पंजाब में नौ जून तक भीषण गर्मी पड़ने की संभावना है। कई जिलों में अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस के पार भी जा सकता है। मौसम विभाग ने येलो अलर्ट भी जारी कर दिया है। हालांकि, 10 जून के बाद मौसम के बदलने की संभावना जताई जा रही है। सोमवार को पंजाब के अधिकतर जिलों में भीषण गर्मी रही। पंजाब में अमृतसर सबसे गर्म रहा, यहां पर अधिकतम तापमान 45.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

मप्र में आज भी कई जिलों में चलेगी लू

मौसम विज्ञानी एस.एन साहू ने बताया कि बीते 24 घंटे में मध्य प्रदेश का मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहा। नौगांव, सतना, मलाजखंड, खजुराहो, दमोह, राजगढ़, ग्वालियर में लू चली। अगले 24 घंटे में भी मौसम शुष्क ही रहने की संभावना है। वहीं लू की बात करें तो ग्वालियर, चंबल संभाग के जिलों में तथा राजगढ़, रायसेन, रीवा, सतना, सीधी, बालाघाट एवं उमरिया जिलों में लू चलने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी पीके साहा ने बताया कि अरब सागर में बीते एक सप्ताह से मानसून शिथिल बना है। हवा के साथ नमी न आने के कारण तापमान में बढ़ोतरी हो रही है।

इन राज्यों में आज भारी बारिश की संभावना

स्काईमेट वेदर के मुताबिक आज पूर्वोत्तर भारत, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और केरल, दक्षिण कर्नाटक और तटीय आंध्र प्रदेश के में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार के पूर्वी भाग, तमिलनाडु, रायलसीमा, केरल, दक्षिण कोंकण और गोवा और दक्षिण मध्य महाराष्ट्र में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। आंतरिक ओडिशा, मराठवाड़ा और जम्मू कश्मीर में हल्की बारिश संभव है।

दोस्तों देश दुनिया की और खबरों को तेजी से जानने के लिए बनें रहें पब्लिक न्यूज़ टी वी के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलों करने के लिए @PublicNewsTV और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @PublicNewsTV पर क्लिक करें।