अघोषित आपातकाल के जबड़े में फंस गया है देश : रामगोविंद चौधरी

  1. Home
  2. उत्तर प्रदेश
  3. लखनऊ

अघोषित आपातकाल के जबड़े में फंस गया है देश : रामगोविंद चौधरी

अघोषित आपातकाल के जबड़े में फंस गया है देश : रामगोविंद चौधरी


लखनऊ। नेता प्रतिपक्ष, उत्तर प्रदेश रामगोविंद चौधरी ने कहा है कि अच्छे दिन के नाम पर यह महान देश अघोषित आपातकाल के जबड़े में फंस गया है। इसकी मुक्ति के लिए भारत समाचार टीवी और दैनिक भास्कर पर सरकारी हमले का विरोध कीजिए और इनका साथ दीजिए।
शुक्रवार को मिलने आए साथियों से नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी ने कहा कि भारत समाचार टीवी के प्रधान सम्पादक ब्रजेश मिश्रा, कार्यकारी सम्पादक वीरेन्द्र सिंह और दैनिक भास्कर अखबार पर इनकमटैक्स का छापा अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला है। अपने पापों से डरी हुई मोदी और योगी सरकार इन छापों के माध्यम से अपना अपना पाप छुपाने की कोशिश कर रही है। इससे डरने की जरूरत नहीं है। इससे टकराने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि इसके पहले भी आपातकाल लगाकर देश की जनभावना को दबाने की विफल कोशिश हुई थी। इस बार अघोषित आपातकाल के माध्यम से यह कोशिश हो रही है। यह कोशिश भी सफल नहीं होगी।

नेता प्रतिपक्ष उत्तर प्रदेश रामगोविंद चौधरी ने कहा कि कोरोना काल में ऑक्सीजन की कमी से तड़प तड़प कर मरने वालों की चीख सुनकर पूरा देश रो पड़ा था। भारत सरकार ने इसे लेकर एक प्रश्न के जवाब में लोकसभा में कहा है कि ऑक्सीजन की कमीं से देश में कोई नहीं मरा है। उसका आधार उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा भेजा गया झूठ है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार और उत्तर प्रदेश की सरकार चाहती है कि मीडिया भी उसके इस झूठ को ही जनता के बीच सच के रुप में परोसे। बहुत से मीडिया हाउस परोस भी रहे हैं लेकिन जो नहीं परोस रहे हैं, वह भारत सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार के निशाने पर हैं।

नेता प्रतिपक्ष उत्तर प्रदेश रामगोविंद चौधरी ने कहा है कि पेगासस सॉफ्टवेयर के माध्यम से विपक्ष के प्रमुख नेताओं, मुख्य न्यायाधीश और पत्रकारों का फोन टेप कर की गई जासूसी के मामले भी यही स्थिति है। भारत सरकार और उत्तर प्रदेश की सरकार चाहती है कि इसे लेकर सभी मीडिया हाउस सरकार की अपराधिक साजिश का साथ दें। उन्होंने कहा कि इस मामले में किसी स्तर पर अब दो राय नहीं है कि फोन टेप कर जासूसी की गई है। इस साफ्टवेयर को बनाने वाले देश ने बता दिया है कि वह यह साफ्टवेयर  केवल सरकार को बेचता है। इसलिए यह भी तय है कि इस मामले में सरकार दोषी है। 

नेता प्रतिपक्ष उत्तर प्रदेश रामगोविंद चौधरी ने कहा है कि आप सभी लोग एक सप्ताह के समाचारों पर नज़र डालें तो लगेगा कि भारत समाचार टीवी और दैनिक भास्कर ने इन दोनों मामलों में सरकारों के दबाव को नहीं माना। जनता के समक्ष वही परोसा जो सच था। उन्होंने कहा है कि इसी वजह से इन दोनों मीडिया संस्थानों को डराने के लिए भारत सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार की देखरेख में इनकमटैक्स की रेड पड़ी है। यह कार्रवाई लोकतन्त्र के खिलाफ है,  इसलिए इस कार्रवाई को किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करना है। 

नेता प्रतिपक्ष उत्तर प्रदेश रामगोविंद चौधरी ने कहा है कि महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और  उत्पीड़न की वजह से भाजपा की सरकारें लोगों का विश्वास पहले ही खो चुकी हैं। इधर वोट के लिए हुए सरेआम चीरहरण, राफेल में दलाली और फोन जासूसी प्रकरण के बाद लोग भाजपा सरकारों से जल्द जल्द मुक्ति चाह रहे हैं। 

दोस्तों देश दुनिया की और खबरों को तेजी से जानने के लिए बनें रहें पब्लिक न्यूज़ टी वी के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलों करने के लिए @PublicNewsTV और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @PublicNewsTV पर क्लिक करें।