संविदाकर्मी और आंगनबाड़ी भी करेंगी पंचायत चुनाव में ड्यूटी

  1. Home
  2. उत्तर प्रदेश
  3. खीरी

संविदाकर्मी और आंगनबाड़ी भी करेंगी पंचायत चुनाव में ड्यूटी

संविदाकर्मी और आंगनबाड़ी भी करेंगी पंचायत चुनाव में ड्यूटी


लखीमपुर खीरी। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव पूरे जिले में एक साथ होना है। चुनाव की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। प्रशासन के लिए शांतिपूर्वक चुनाव कराना तो चुनौती है ही सबसे बड़ी समस्या कर्मचारियों की आ रही है। जितने कर्मचारियों की जरूरत बूथों पर चुनाव कराने की है उतने कर्मचारी पूरे नहीं हो पा रहे हैं। ऐसे में अब प्रशासन सभी विभागों के संविदा कर्मचारियों, आंगनबाड़ी कर्मचारियों का डाटा भी फीड करा रहा है। इसके बाद भी कर्मचारियों की संख्या को लेकर माथापच्ची हो रही है।

पंचायत चुनाव के लिए खीरी जिले में 4500 बूथों पर मतदान होना है। एक बूथ पर पीठासीन अधिकारी सहित चार कर्मचारियों की जरूरत है। इसके अलावा करीब बीस प्रतिशत रिजर्व कर्मचारियों की जरूरत है। इसके अलावा आरओ, एआरओ, प्रभारी अधिकारी, सहायक प्रभारी अधिकारी की तैनाती होनी है। साथ ही जोनल मजिस्ट्रेट करीब 30 व सेक्टर मजिस्ट्रेट 156 की जरूरत है। इसमें करीब पांच सौ से ज्यादा अधिकारियों की जरूरत है। पूरी व्यवस्था में 22 हजार से ज्यादा कर्मचारियों की जरूरत होगी। जबकि जिले में सरकारी कर्मचारियों की संख्या काफी कम है। ऐसे में अब बड़ी समस्या यह आ रही है कि चुनाव में सभी बूथों पर कैसे मतदान कराया जाए। 

बताया जाता है कि कर्मचारियों की संख्या पूरी करने के लिए अब सभी विभागों के संविदा कर्मचारियों का डाटा भी फीड कराया गया है। इसमें रोजगार सेवक, शिक्षामित्र, विभागों के संविदा कर्मचारियों के अलावा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का डाटा भी फीड कराया जा चुका है। करीब पौने आठ हजार संविदा कर्मचारियों का डाटा फीड है। इन सभी को चुनाव में लगाया जा सकता है। सूत्र बताते हैं कि करीब 28 हजार कर्मचारियों का डाटा फीड हो चुका है। सूत्र बताते हैं कि संविदा कर्मचारियों को भी चुनाव ड्यूटी पर भेजा जाएगा। फिलहाल प्रभारी अधिकारी कार्मिक ने इसको लेकर बैठक की है और कर्मचारियों की ड्यूटी पर चर्चा की गई।

दोस्तों देश दुनिया की और खबरों को तेजी से जानने के लिए बनें रहें पब्लिक न्यूज़ टी वी के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलों करने के लिए @PublicNewsTV और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @PublicNewsTV पर क्लिक करें।